पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान द्वारा वर्ष 2026 के प्लेसमेंट सत्र की सफल समाप्ति की घोषणा की गई। संस्थान के अनुसार इस वर्ष भी विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने छात्रों को आकर्षक करियर अवसर प्रदान किए हैं। संस्थान की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुल 172 छात्रों का चयन 45 प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है। चयनित छात्रों को एफएमसीजी, बैंकिंग, लॉजिस्टिक्स, इंश्योरेंस, मैन्युफैक्चरिंग एवं वेलनेस सेक्टर की कंपनियों में नियुक्ति मिली है। प्लेसमेंट सत्र में मॉन्स्टर बेवरेज कॉर्पोरेशन, वरुण बेवरेजेस, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड, आईटीसी, इंडिगो एयरलाइंस, पेटीएम लॉजिस्टिक्स, हिमालय वेलनेस कंपनी, अमूल, जियो, टाटा एआईजी एवं एपेक्सफिन्स लाइफ जैसी कंपनियों ने भाग लिया।
संस्थान के अनुसार मॉन्स्टर बेवरेज कॉर्पोरेशन ने 17.35 लाख रुपये वार्षिक का सर्वोच्च पैकेज दिया। वहीं टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड ने 8 लाख रुपये, इंडिगो एयरलाइंस ने 9 लाख रुपये तथा कैफंड्स ने 7.5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज ऑफर किया। औसत वार्षिक पैकेज 6.5 लाख रुपये रहा। इस अवसर पर संस्थान की निदेशक डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, प्रतिभा एवं संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि कोर्स समाप्ति के साथ नौकरी का ऑफर मिलना छात्रों के लिए सौभाग्य की बात है। संस्थान के कुलसचिव सुधीर कुमार ने कहा कि संस्थान छात्रों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास के स्तर पर भी तैयार करता है ताकि वे प्रतिस्पर्धात्मक दौर में अपनी अलग पहचान बना सकें। प्लेसमेंट प्रभारी डॉ. प्रीति सिंह ने कहा कि सफल प्लेसमेंट ड्राइव संस्थान की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक उत्कृष्टता का प्रमाण है। वहीं प्लेसमेंट अधिकारी अनुजा सिंह ने इसे संस्थान की छात्रों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। संस्थान ने प्लेसमेंट सेल से जुड़े सहयोगी नवीन रंजन, फैकल्टी समन्वयकों एवं छात्र समन्वयकों के योगदान के लिए भी आभार व्यक्त किया।
