पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बिहार प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष अशरफ अंसारी को पार्टी का आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया। प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद अशरफ अंसारी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी डॉ. राजेश भट्ट ने कहा कि अशरफ अंसारी को प्रत्याशी बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल है। उन्होंने बताया कि अशरफ अंसारी पिछले दो दशकों से पार्टी के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए संगठन को मजबूत करने में योगदान देते रहे हैं। वे अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय महासचिव, मुख्य प्रवक्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष तथा वर्तमान में कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।
डॉ. भट्ट ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) हमेशा संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने में विश्वास रखती है। अशरफ अंसारी की उम्मीदवारी उन हजारों कार्यकर्ताओं के संघर्ष, समर्पण और निष्ठा का सम्मान है, जिन्होंने वर्षों तक पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। उम्मीदवारी की घोषणा के बाद प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और नेताओं व समर्थकों ने अशरफ अंसारी को बधाई दी। इस अवसर पर पार्टी के मंत्री, विधायक एवं कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रमुख रूप से संजय पासवान, डॉ. प्रकाश चंद्र, विनीता मेहता, सोनू सिंह, अमित कुमार, रानू, बेबी कुमारी, उदय सिंह, मिथुन कुमार, बाबूलाल शौर्य, हुलास पांडे, विनीत सिंह, रवि रंजन सिंह, शोभा सिन्हा पासवान, अमित किशोर सिंह, प्रो. राम प्रवेश यादव, सलीम साहिल, सरवर अली, रंजन सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं नेता उपस्थित रहे।
