अररिया, रंजीत ठाकुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), अररिया के तत्वावधान में रविवार को नरपतगंज प्रखंड के अंचरा पंचायत सरकार भवन परिसर में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में प्रतिनियुक्त पैनल अधिवक्ता राहुल रंजन एवं अधिकार मित्र (पीएलवी) विनय कुमार ठाकुर ने ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। वक्ताओं ने समाज में व्याप्त कुप्रथाओं के उन्मूलन के साथ जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों को न्याय उपलब्ध कराने के लिए विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा दी जाने वाली निःशुल्क सहायता के बारे में बताया।
शिविर में बिहार विक्टिम कंपेनसेशन स्कीम-2014, नालसा की ‘स्पृहा’ योजना, ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन फॉर ए ड्रग फ्री इंडिया अभियान, मीडिएशन 3.0 तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों से संबंधित कानूनों पर चर्चा की गई। साथ ही स्थायी लोक अदालत के माध्यम से सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
इस मौके पर मुखिया प्रतिनिधि उपेंद्र शर्मा, सरपंच खुशबू देवी, पंचायत सचिव उमेश कुमार, राजस्व कर्मचारी रविंद्र रमन सहित अनिल दास, मिठू राम, रविंद्र ठाकुर, मनोज ऋषिदेव, संजीव यादव, सुगवती देवी, बिजली देवी, प्रमिला देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
