फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र के लक्ष्मीचक गांव में मंगलवार की देर शाम जमीन कारोबारी की हत्या की कथित साजिश उस समय नाकाम हो गई, जब हथियार लेकर पहुंचे तीन कथित सुपारी किलरों का ग्रामीणों ने पीछा कर दिया. आक्रोशित लोगों ने दो आरोपियों को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी. इसमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में पीएमसीएच में भर्ती है. तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए घटनास्थल से चोरी की बाइक, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
पटना सिटी सदर-2 के एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मसौढ़ी निवासी नितीश कुमार पर जमीन विवाद को लेकर गौरीचक थाना क्षेत्र के लक्ष्मीचक निवासी जमीन कारोबारी सुरेश कुमार की हत्या की सुपारी देने का आरोप सामने आया है. इसी साजिश को अंजाम देने के लिए मंगलवार की देर शाम तीन हथियारबंद अपराधी बाइक से लक्ष्मीचक पहुंचे थे।
बताया जाता है कि उस समय सुरेश कुमार अपने समर्थकों और स्थानीय लोगों के साथ बैठे थे. भीड़ देखकर अपराधियों ने दहशत फैलाने की नीयत से पांच से छह राउंड फायरिंग कर दी. हालांकि ग्रामीण डरने के बजाय अपराधियों के पीछे दौड़ पड़े, जिससे तीनों बदमाश भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्रामीणों ने कई किलोमीटर तक पीछा किया. गौरीचक और परसा बाजार थाना क्षेत्र की सीमा स्थित धमाल गांव के पास अपराधियों की बाइक असंतुलित होकर गिर गई. इसके बाद दो बदमाश ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए, जबकि तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. आक्रोशित लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी।
सूचना मिलने पर गौरीचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को भीड़ के चंगुल से निकालकर अस्पताल भेजा. वहां चिकित्सकों ने ठगना निवासी सूरज कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि विवेक कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज पीएमसीएच में जारी है।
एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया कि घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक बाइक बरामद की गई है. जांच में पता चला है कि बरामद बाइक फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र से चोरी गई थी. बाइक चोरी के मामले की भी अलग से जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी और कथित सुपारी देने वाले नितीश कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ कर पूरे षड्यंत्र और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी. फिलहाल लक्ष्मीचक और आसपास के इलाकों में एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
