फुलवारीशरीफ, अजित। गोपालपुर थाना क्षेत्र के इलाहाबाद स्थित कचरा डंप में बुधवार को एक मजदूर का शव मशीन में फंसा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों के पहुंचते ही करीब एक घंटे तक जमकर हंगामा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार, 25 मार्च 2026 की दोपहर कचरा डंप में काम के दौरान एक मजदूर का शव मशीन में फंसा हुआ पाया गया. शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर आक्रोशित हो गए। घटना की सूचना मिलने पर गोपालपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू की. पुलिस को हंगामे के कारण कुछ देर तक लोगों को समझाने में मशक्कत करनी पड़ी। मृतक की पहचान गुड्डू कुमार यादव (पिता स्वर्गीय रामाधीन प्रसाद उर्फ गरीबन प्रसाद) निवासी ग्राम नारारी बलवा, थाना थरथरी, जिला नालंदा के रूप में की गई है. शव की स्थिति देखकर परिजनों में कोहराम मच गया और वे फूट-फूट कर रोने लगे।
परिजनों ने इस घटना को दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है. मृतक के भाई राजीव कुमार और बहन बुना देवी ने आरोप लगाया कि गुड्डू कुमार की हत्या कर शव को मशीन में फंसा दिया गया है ताकि मामले को हादसा दिखाया जा सके. परिजनों का कहना है कि कचरा डंप में कार्यरत एक मुंशी के यहां गुड्डू कुमार का पैसा बकाया था और इसी लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था. उनका आरोप है कि इसी विवाद में साजिश के तहत हत्या की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी सूचना दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला दुर्घटना का है या हत्या का. बताया जा रहा है कि गुड्डू कुमार अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनके परिवार पर पहले से ही कई दुखों का पहाड़ टूट चुका है. उनके एक भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जबकि उनकी पत्नी का भी कुछ समय पूर्व निधन हो गया था. उनके पीछे तीन बेटियां और एक बेटा हैं, जिनका सहारा अब खत्म हो गया है। घटना के बाद परिजनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. साथ ही सरकार से आर्थिक सहायता देने की अपील भी की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
