फुलवारीशरीफ(अजित यादव): पटना के बेउर थाना अंतर्गत दशरथा निवासी जदयू नेता बंटी चंद्रवंशी के मौसेरे भाई गौतम कुमार 22 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का शव बेउर थाना अंतर्गत सिपारा में रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में मिला । झाड़ियों में शव मिलने की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची बेउर थाना पुलिस छानबीन में जुट गई। इस बीच शव की पहचान दशरथा गांव निवासी मनोज प्रसाद के सबसे बड़े पुत्र गौतम कुमार के रूप में होते ही परिजनों में चित्कार मच गया। मृतक के परिवार वालों ने गौतम की हत्या कर लाश झाड़ियों में फेंक देने की आशंका जाहिर की है । वही बेउर थाना एसएचओ सह प्रशिक्षु डीएसपी प्रांजल त्रिपाठी का कहना है कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना से मौत का मामला लग रहा है । पुलिस टीम हर पहलू पर तहकीकात कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया गया।
घटना के बारे में बताया जाता है कि दशरथा निवासी गौतम कुमार संपतचक स्थित मन्नू जी के नमकीन सामान के सीएनएफ वाले गोदाम में मजदूरी करने जाता था। गौतम के मौसेरे भाई जदयू नेता बंटी चंद्रवंशी ने बताया कि रोज की तरह बुधवार को भी गौतम संपत चक में मन्नू जी के यहां काम करने गया था । बुधवार की देर रात तक जब गौतम अपने घर नहीं पहुंचा तब परिवार वालों ने उसके मोबाइल पर कॉल करना शुरू किया। पूरी रात गौतम का मोबाइल का रिंग बजता रहा लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया । पूरी रात परिजन गौतम की तलाश में बेचैन रहे। सुबह-सबह करीब 9:00 बजे गौतम का सर सिपारा में स्वयंवर वाटिका के सामने रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में मिलने की सूचना पुलिस के द्वारा परिजनों को दी गई। गौतम का शव मिलने के बाद परिवार वालों में रोना पीटना मच गया। रोते बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की। परिजनों का कहना है कि मृतक के सर पर भारी वस्तु से प्रहार करने का निशान मिला है । साथ ही इसके अलावा उसका एक पैर टूटा हुआ था। परिवार वाले उसकी हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक परिवार वालों ने इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई थी। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पटना एम्स में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
