पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) जीसस एंड मेरी एकेडमी, हाजीगंज, पटना सिटी के परिसर में आज रोटरी क्लब ऑफ पटना सिटी सम्राट द्वारा भावनात्मक समझ (Understanding Emotions) विषय पर एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भावनात्मक बुद्धिमत्ता (Emotional Intelligence) तथा सकारात्मक शांति (Positive Peace) के महत्व को समझना और समाज में बेहतर मानवीय संबंधों को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता रोटेरियन स्मिता विखनकर, भावनात्मक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, पुणे (महाराष्ट्र) से विशेष रूप से पटना आकर जीसस एंड मेरी एकेडमी के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं रोटरी सदस्यों के बीच उपस्थित हुईं। उन्होंने अपने सारगर्भित एवं प्रेरणादायी विचारों के माध्यम से भावनाओं को समझने, आत्म-जागरूकता विकसित करने, मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को पहचानने तथा सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जीवन में संतुलन बनाए रखने के विषय पर विस्तार से चर्चा की। उनके संवादात्मक सत्र ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को आत्म-चिंतन एवं भावनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरित किया।
इस अवसर पर जीसस एंड मेरी एकेडमी के सह-निदेशक अभिषेक पैट्रिक उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय परिसर में इस प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए ऐसे संवाद अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ पटना सिटी सम्राट की ओर से सचिव रोटेरियन राम कुमार, इलेक्ट प्रेसिडेंट रोटेरियन देवेश नवाडिया, रोटेरियन रुचिता नवाडिया एवं रोटेरियन कविता अरोड़ा एवं अन्य रोटेरियन सदस्यों के साथ नीरज कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूजा ऐन शर्मा ने सभी अतिथियों, रोटरी सदस्यों तथा प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि भावनात्मक बुद्धिमत्ता और सकारात्मक शांति जैसे विषय आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक हैं तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा उपस्थित सभी लोगों ने इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताया।
