फुलवारी शरीफ, अजित। फुलवारी थाना क्षेत्र के न्यू सब्जपुरा में घर के नीचे खड़ी इको कार चोरी करने का प्रयास करने वाले एक वाहन चोर को पुलिस ने जीपीएस की मदद से गिरफ्तार कर लिया. चोरी हुई कार भी सकुशल बरामद कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार न्यू सब्जपुरा निवासी बिहारी पासवान की इको कार रविवार की देर रात उनके घर के नीचे खड़ी थी. रात करीब 1:43 बजे वाहन में लगा जीपीएस सिस्टम अचानक सक्रिय हो गया. मोबाइल पर अलर्ट मिलने के बाद वाहन मालिक को संदेह हुआ कि कोई उनकी गाड़ी चोरी कर रहा है। जीपीएस लोकेशन देखने पर पता चला कि वाहन अपने स्थान से आगे बढ़ रही है. इसके बाद बिहारी पासवान ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई. वहीं वाहन मालिक भी जीपीएस के सहारे चोरी हुई गाड़ी का पीछा करते रहे।
जीपीएस से लगातार मिल रही लोकेशन के आधार पर पुलिस और वाहन मालिक पटना-छपरा रोड की ओर पहुंचे. इसी दौरान लालू यादव चौक के समीप डायल-112 की टीम ने घेराबंदी कर इको कार को रोक लिया. मौके से वाहन चोरी कर भाग रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भोजपुर जिले के आरा का रहने वाला बताया जाता है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह किसी वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं तथा उसके द्वारा पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया गया है या नहीं। पुलिस ने बरामद इको कार को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन में जीपीएस लगाने की उपयोगिता की सराहना की है. लोगों का कहना है कि जीपीएस और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण चोरी की गाड़ी कुछ ही घंटों में बरामद हो गई और आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
