सोनीपत, धर्मवीर शर्मा : कुंडली थाना क्षेत्र के प्याऊ मनिहारी से रविवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां मामूली कहासुनी के बाद ढाबा संचालक नरेंद्र खत्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद से ही इलाके में तनाव और ग्रामीणों में भारी रोष है।
बताया जा रहा है कि किराए के कमरों के पास करीब 20 से 22 युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान एक युवक तेज रफ्तार में स्कूटी चलाते हुए वहां से निकला। ढाबा संचालक के कर्मचारी निखिल ने उसे आराम से स्कूटी चलाने के लिए कहा, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया।
विवाद की जानकारी मिलने पर ढाबा संचालक नरेंद्र खत्री मौके पर पहुंचे और युवकों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान अमन यादव ने नरेंद्र के साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर नरेंद्र की छाती में गोली मार दी।
गोली लगने के बाद नरेंद्र को गंभीर हालत में दिल्ली के नरेला स्थित अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
परिवार के मुताबिक नरेंद्र खत्री कुंडली के रहने वाले थे और करीब 10 साल से प्याऊ मनिहारी में ढाबा चला रहे थे। हर्षवंश कॉलोनी में उनका ‘मित्रा दा ढाबा’ था। नरेंद्र के परिवार में उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।
वहीं, हत्या के बाद सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नरेंद्र के शव को लेकर ग्रामीण सिंघु बॉर्डर पर नेशनल हाईवे-44 पर बैठ गए और दिल्ली-करनाल हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले में कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उन्हें पुलिस प्रशासन की ओर से तत्काल कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी का स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलता, तब तक हाईवे का जाम नहीं खोला जाएगा।
मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और हाईवे पर यातायात प्रभावित है। प्रदर्शनकारियों की मांग और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई के बीच अब इस मामले में आगे क्या कदम उठाया जाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
