अररिया(रंजीत ठाकुर): जिले में आजादी के अमृत महोत्सव को खास बनाने की पहल की जा रही है। बेहतर स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए जरूरतमंदों तक बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रखंडों में स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जा रहा है। इस कड़ी में गुरुवार को अररिया प्रखंड अंतर्गत पैकटोला हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर मेला आयोजित किया गया। मेला में विभिन्न रोगों की स्क्रीनिंग, जरूरी जांच व नि:शुल्क दवाओं का इंतजाम किया गया था। स्वास्थ्य मेला में बड़ी संख्या में भाग लेते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने इसका लाभ उठाया। मेला का उद्घाटन सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने किया। वहीं अररिया विधायक आबिदुर्रहमान, जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम पप्पू, सिविल सर्जन डॉ विधानचंद्र सिंह, डीआईओ डॉ मोईज, सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व स्वास्थ्य अधिकारियों ने मेला में भाग लेते हुए लोगों को इसके महत्व से अवगत कराया।
सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति बढ़ा है लोगों का भरोसा :
स्वास्थ्य मेला में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर बदल चुकी है। स्वास्थ्य मेला में कई तरह की इलाज की सुविधा है। जो लोगों के लिये सुविधाजनक है। सांसद ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के प्रति संकल्पवान है। देशहित व मानवता को ध्यान में रखकर स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत व सुरक्षित भारत बनाने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि जब कोरोना महामारी से दुनिया भर में लोग मर रहे थे तो भारत ने दुश्मन पड़ोसी देशों को भी ऑक्सीजन, जरूरी दवाएं और बाद में कोरोनारोधी टीका देने का काम किया। महामारी के मुश्किल दौर में हमारे चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों ने दूसरों की जान बचाने के लिये अपनी जान की बाजी लगा दी। मुश्किल के दिनों में सरकारी स्वास्थ्य सेवा ही लोगों की मदद के लिये खड़ा था। इसलिये अब इन सेवाओं को सुविधाजनक व सुलभ बनाने को लेकर हर मुमकिन प्रयास किये जा रहे हैं।
स्वास्थ्य के प्रति ज्यादा सचेत व गंभीर होने की है जरूरत :
मेला को संबोधित करते हुए अररिया विधायक आबिदुर्रहमान ने इस तरह के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य मेला के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुविधा संपन्न लोग कहीं भी अपना इलाज करा सकते हैं। यहां की सेवा व सुविधा को बेहतर बनाना जरूरी है। जिलापरिषद अध्यक्ष आफताब अजीम पप्पू ने कहा कि हाल के दिनों में स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक बदलाव हुए हैं। इसे और बेहतर बनाने का प्रयास हो रहा है। बावजूद इसके लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति ज्यादा सचेत व गंभीर होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों के लिये जिम्मेदारीपूर्वक अपने कर्तव्यों का निवर्हन जरूरी है। वहीं उनका सम्मान करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने की अपील की।
मेला में 1145 लोगों को उपलब्ध करायी गयी जरूरी सेवाएं :
स्वास्थ्य मेला की अगुआई कर रहे एमओआईसी अररिया डॉ जावेद ने कहा कि मेला में 750 से अधिक लोगों की जरूरी जांच करते हुए उन्हें जरूरी दवा व परामर्श उपलब्ध करायी गयी। उन्होंने बताया कि मेला में डॉग बाइट की सुई, कोरोना टीकाकरण, एएनसी जांच, परिवार नियोजन सेवाएं, ओपीडी सेवा, डायबिटीज, कुष्ठ, बल्ड प्रेशर, एड्स जैसे रोगों की स्क्रीनिंग का इंतजाम किया गया था। इसके अलावा टेली मेडिसिन सेवाओं के तहत लोगों को जरूरी सेवाएं दी गयी। मेला के सफल संचालन में पिरामल स्वास्थ्य, केयर इंडिया के प्रतिनिधियों के साथ-साथ डॉ मिनहाजुल हक, डॉ अरफी आफरीन, डॉ प्रह्लाद कुमार निराला, डॉ पंकज कुमार सिंह, बीएचएम सईदुर्रजमा, मुख्य लेखापाल मनीष कुमार, बीसीएम मो सरवर आलम, बीएमएनई सुफियान, मो शाहजहां, विक्की कुमार सहित अन्य की भूमिका को उन्होंने सराहा।
