बिहार

शेखपुरा प्रखंड कार्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, जमीन के कागजात मिलने पर गुमटी सील

शेखपुरा, उमेश कुमार :  जिलाधिकारी श्री शेखर आनंद ने गुरुवार को शेखपुरा प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यशैली, अभिलेखों के रख-रखाव और सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने आगत-निर्गत पंजी, बायोमैट्रिक उपस्थिति पंजी, कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका, योजनावार पंजी और प्रखंड स्तरीय बैठकों की अनुपालन पंजी की बारीकी से जांच की। उन्होंने वृद्धा पेंशन, राशन कार्ड निर्माण, भूमि के खाता-खसरा व रकबा ऑनलाइन चढ़ाने की स्थिति, शौचालय निर्माण और पेयजल आपूर्ति की अद्यतन जानकारी ली। कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से मिल रही नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की और सभी कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर के पास स्थित एक गुमटी पर डीएम ने छापेमारी की। जांच में वहां से जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात, सरकारी रसीदें, आधार-पैन कार्ड और नकद राशि बरामद हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुमटी को तुरंत सील कर दिया और पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही या बिचौलियों की संलिप्तता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जन-समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी निवारण करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, भू-अर्जन पदाधिकारी,अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला विकास पदाधिकारी सह DPR0, BDO और अंचलाधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

सीएम का नया फॉर्मूला : एक अधिकारी-एक मॉडल स्कूल सरस्वती विद्या निकेतन की लेंगे जिम्मेदारी

पटना में Swiggy राइडर्स को दिया गया जीवनरक्षक प्रशिक्षण

चीनी की कालाबाजारी करने वालों पर दर्ज होगी प्राथमिकी : गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार

error: