बिहार

56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा का डीआईजी मधुकर अमिताभ ने किया निरीक्षण

अररिया, रंजीत ठाकुर। क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) पूर्णिया के उप-महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ ने 9 से 10 अक्टूबर तक 56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा का औपचारिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाहिनी की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं और सीमा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वाहिनी मुख्यालय पहुंचने पर द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता ने उप-महानिरीक्षक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा वाहिनी परिसर में वृक्षारोपण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शस्त्रागार, परिवहन पार्क, अधिकारी मेस, अधीनस्थ अधिकारी मेस, जवान मेस, बैरक और विभिन्न कार्यालयी शाखाओं का जायजा लिया। उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए। इसके बाद अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान बिहार पुलिस प्रशिक्षुओं और एसएसबी जवानों के बीच रोमांचक फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। मैच के बाद विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया। उप-महानिरीक्षक ने वाहिनी मुख्यालय में बिहार पुलिस प्रशिक्षुओं के चल रहे प्रशिक्षण कार्यों का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने वाहिनी के कार्यक्षेत्र अंतर्गत सीमा चौकी पूर्वीटोला का रात्रि में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जवानों को सीमा प्रबंधन से संबंधित दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जवानों के साथ रात्रि भोजन किया और सीमा चौकी में रात्रि विश्राम कर सीमावर्ती क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

10 अक्टूबर को वाहिनी मुख्यालय में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। प्रेरणादायक शीर्षक गीत के साथ शुरू हुए सम्मेलन में उप-महानिरीक्षक ने बल कार्मिकों को सीमा प्रबंधन, शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस और अनुशासन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ सम्मेलन का समापन हुआ। सम्मेलन के बाद वाहिनी मुख्यालय में ‘बड़ा खाना’ आयोजित किया गया, जिसमें उप-महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ सहित वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और सभी बल कार्मिक शामिल हुए।

Related posts

नवरात्र के पहले दिन छात्राओं ने मां दुर्गा के स्वरूप में दिया पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश

नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में किया 71वें श्री रामलीला महोत्सव और पिछले 20 वर्षों में हुए विकास-कार्यों पर लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन

फिल्मी गीतों पर गरबा-डांडिया, क्वींस क्लब के मिलन समारोह में महिलाओं ने बांधा समां

error: