पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार के विकास, औद्योगिक विस्तार और भविष्य की विकास रणनीति पर व्यापक विमर्श के उद्देश्य से आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार-2027’ के पोर्टल का आज माननीय उपमुख्यमंत्री एवं कन्वेंशन के संरक्षक श्री विजय कुमार चौधरी ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उद्योग विभाग के सचिव एवं बिहार फाउंडेशन के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार, एमएसएमई निदेशक श्री अमन समीर, निदेशक उद्योग श्री मुकुल गुप्ता, इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन डेवलपमेंट (IHD) के निदेशक एवं कन्वेंशन के निदेशक प्रो. अलख एन. शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यह सम्मेलन उद्योग विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत बिहार फाउंडेशन एवं इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन डेवलपमेंट (IHD) द्वारा नालंदा विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर माननीय उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि वर्ष 2007 में आयोजित ग्लोबल मीट का विषय ‘Resurgent Bihar’, वर्ष 2012 के ग्लोबल समिट का विषय ‘Changing Bihar’ और वर्ष 2027 के कन्वेंशन का विषय ‘Transforming Bihar’ रखा गया है। यह विषय वर्तमान समय में बिहार में हो रहे बदलावों और विकास की दिशा को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का तीसरा संस्करण बिहार की प्रगति और भविष्य की संभावनाओं पर केंद्रित है। उन्होंने इसके सफल आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।
उद्योग विभाग के सचिव एवं बिहार फाउंडेशन के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने कहा कि यह सम्मेलन उद्योग जगत और अकादमिक क्षेत्र को एक साझा मंच पर लाएगा, जहाँ विशेषज्ञों, उद्यमियों और नीति-निर्माताओं के बीच सार्थक संवाद के माध्यम से बिहार को एक सशक्त ब्रांड के रूप में स्थापित करने की दिशा में विचार-विमर्श होगा। यह मंच समावेशी विकास और साझा समृद्धि के नए अवसरों की पहचान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
IHD के निदेशक एवं कन्वेंशन निदेशक प्रो. अलख एन. शर्मा ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य बिहार को एक समृद्ध, समावेशी और सतत अर्थव्यवस्था के रूप में विकसित करने के लिए व्यावहारिक नीतिगत सुझाव और भविष्य की कार्ययोजना तैयार करना है। सम्मेलन में पूर्ण सत्रों, विषयगत परिचर्चाओं और अकादमिक सम्मेलनों के माध्यम से विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके परिणामस्वरूप ‘बिहार घोषणा-पत्र 2027’ और ‘बिहार विजन 2047: नीतिगत मार्ग’ रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सम्मेलन पूर्णतः गैर-दलीय है और इसका एकमात्र उद्देश्य बिहार के विकास एवं भविष्य की संभावनाओं पर सार्थक विमर्श करना है।
12 एवं 13 जनवरी 2027 को पटना में होगा मुख्य सम्मेलन
यह सम्मेलन 12 एवं 13 जनवरी 2027 को पटना स्थित सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। इससे पहले 10 एवं 11 जनवरी को एक अंतरराष्ट्रीय प्री-कन्वेंशन कॉन्फ्रेंस और रिसर्च फोरम का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में बिहार सहित देश-विदेश से लगभग 1,500 प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें शिक्षाविद्, शोधकर्ता, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, विकास विशेषज्ञ, नागरिक समाज के सदस्य और देश-विदेश में रह रहे प्रवासी बिहारी शामिल होंगे।
तीन प्रमुख विषयों पर होगा विशेष विमर्श
सम्मेलन के तीन प्रमुख विषय होंगे—औद्योगिकीकरण को गति देना, सतत शहरीकरण का प्रबंधन तथा शिक्षा एवं कौशल विकास को सुदृढ़ करना। इसके अंतर्गत सात पूर्ण सत्र आयोजित होंगे, जिनमें बिहार के विकास को गति देने, औद्योगिकीकरण, शहरी विकास, शिक्षा एवं कौशल व्यवस्था, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और बिहार के विकास, स्टार्टअप तथा ‘ब्रांड बिहार’ जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
इसके अतिरिक्त दस विषयगत सत्रों में ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि विविधीकरण, युवाओं के लिए शिक्षा एवं रोजगार, निवेश आकर्षित करने और वित्तीय संसाधनों के सुदृढ़ीकरण, औद्योगिक विकास एवं उद्यमिता, छोटे शहरों का विकास, लैंगिक समानता, महिला सशक्तीकरण, पर्यटन, विरासत, रचनात्मक अर्थव्यवस्था, प्रवासी बिहारियों की भागीदारी तथा सुशासन और सार्वजनिक संस्थानों को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
सम्मेलन के दौरान निवेश एवं अवसर डेस्क, स्टार्टअप पिच सत्र, बिहार डेटा एवं पॉलिसी लैब, प्रवासी बिहारी संवाद मंच, युवा संवाद, महिला उद्यमिता पवेलियन, हस्तशिल्प बाजार और बिहारी व्यंजन स्ट्रीट जैसे विशेष आयोजन भी होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से निवेशकों, उद्यमियों, शोधकर्ताओं, युवाओं और प्रवासी बिहारियों को आपसी संवाद एवं सहयोग का अवसर मिलेगा।
बिहार के भविष्य के लिए तैयार होगा साझा विकास रोडमैप
सम्मेलन का समापन ‘बिहार घोषणा-पत्र 2027’, ‘बिहार विजन 2047: नीतिगत मार्ग’ रिपोर्ट, विषयगत नीतिगत सुझावों और विभिन्न हितधारकों के साझा ज्ञान एवं नीति नेटवर्क के गठन के साथ होगा। इसके अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय प्रकाशक के सहयोग से संपादित पुस्तकें भी प्रकाशित की जाएंगी। इन दस्तावेजों का उद्देश्य बिहार के दीर्घकालिक विकास के लिए नीतिगत दिशा और व्यावहारिक सुझाव उपलब्ध कराना है।
इस सम्मेलन के मुख्य संरक्षक माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी हैं तथा संरक्षक माननीय उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी हैं। मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत संचालन समिति के अध्यक्ष हैं। उद्योग विभाग के सचिव एवं बिहार फाउंडेशन के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार संचालन समिति के सदस्य हैं। सम्मेलन का नेतृत्व प्रो. अलख एन. शर्मा (IHD) एवं प्रो. सचिन चतुर्वेदी (नालंदा विश्वविद्यालय) निदेशक के रूप में कर रहे हैं।
‘ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार-2027’ वर्ष 2007 में आयोजित ‘Resurgent Bihar’ ग्लोबल मीट और वर्ष 2012 के ‘Changing Bihar’ ग्लोबल समिट की श्रृंखला का तीसरा आयोजन है। यह सम्मेलन बिहार की विकास यात्रा को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2047 तक एक समृद्ध, समावेशी और सतत अर्थव्यवस्था के निर्माण के लिए साझा दृष्टिकोण तैयार करने का अवसर प्रदान करेगा। सम्मेलन से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं पंजीकरण के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.biharconvention27.com उपलब्ध है।
