बिहार

पटना में 25 हजार ड्राई फ्रूट्स से बनी भगवान चित्रगुप्त की अनोखी प्रतिमा, पिस्ता-काजू से किया गया तैयार

फुलवारीशरीफ, अजीत। चित्रगुप्त पूजा को लेकर राजधानी पटना में तैयारियां जोरों पर हैं. 11 नवंबर को होने वाली पूजा के लिए बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी स्थित भूतनाथ में कायस्थ चित्रगुप्त सेना, बिहार प्रदेश की ओर से भगवान चित्रगुप्त की अनोखी प्रतिमा स्थापित की गई है. पिस्ता, काजू और अन्य ड्राई फ्रूट्स से बनी यह प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. करीब 25 हजार ड्राई फ्रूट्स से तैयार इस प्रतिमा की अनूठी कलाकारी देखने के लिए लोग पहुंच रहे हैं।

पटना के मूर्तिकार जितेंद्र ने इस विशेष प्रतिमा को तैयार किया है. इसमें काजू, पिस्ता, किशमिश, अखरोट, मखाना और खीरे के बीज समेत कई सामग्रियों का इस्तेमाल किया गया है. प्रतिमा के प्रत्येक हिस्से को बेहद बारीकी से सजाया गया है. भगवान चित्रगुप्त के सिर को पिस्ते सीधे चिपकाकर बनाया गया है, जबकि शरीर और दोनों हाथों को पिस्ते के छिलकों से तैयार किया गया है. छिलकों को उल्टा चिपकाकर शरीर का अलग स्वरूप दिया गया है।

वहीं, भगवान चित्रगुप्त की निचली पोशाक काजू की बाहरी परत से तैयार की गई है. इसकी प्राकृतिक पीली रंगत केले के रंग जैसी दिखाई देती है. पूरी पोशाक को काजू की बाहरी परत से आकर्षक ढंग से डिजाइन किया गया है।

कायस्थ चित्रगुप्त सेना, बिहार प्रदेश के सेनाध्यक्ष पाण्डेय अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि भगवान चित्रगुप्त की पूजा का आयोजन स्वागत बैंक्वेट हॉल, भूतनाथ में किया गया है. संस्था की ओर से इस वर्ष ड्राई फ्रूट्स से बनी विशेष प्रतिमा तैयार कराई गई है. उन्होंने बताया कि संस्था वर्ष 1985 से लगातार भव्य रूप से चित्रगुप्त पूजा का आयोजन करती आ रही है।

भूतनाथ मुख्य रोड से बैंक्वेट हॉल तक बने 25 तोरण द्वार

आयोजन की भव्यता को देखते हुए भूतनाथ मुख्य रोड से स्वागत बैंक्वेट हॉल तक 25 आकर्षक तोरण द्वार बनाए गए हैं. श्रद्धालुओं और अतिथियों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सामूहिक भोज की भी व्यवस्था की गई है. आयोजन का एक विशेष आकर्षण 1.5 किलोग्राम का पारंपरिक प्रसाद होगा, जिसे विशेष विधि से तैयार किया जाता है. इसकी अपनी अलग पहचान और धार्मिक महत्ता है।

कलम-दवात और बही-खाते की होगी पूजा

11 नवंबर को चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर श्रद्धालु कलम-दवात, बही-खाते, नोटबुक और कागज की पूजा करेंगे. इस दिन लोग अपने आय-व्यय का हिसाब लिखकर भगवान चित्रगुप्त को समर्पित करते हैं. धार्मिक मान्यता है कि भगवान चित्रगुप्त की आराधना से ज्ञान, बुद्धि और व्यापार में उन्नति का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

Related posts

सोशल मीडिया पर वायरल होने की सनक में डेढ़ साल के मासूम का अपहरण, दो महिला समेत चार गिरफ्तार!

छठ घाटों की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

तेजस्वी यादव के 37वें जन्मदिन पर सामाजिक सद्भावना दिवस समारोह में शामिल हुए विधायक डॉ. रामानंद यादव, दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की