बिहार

पटना वीमेंस कॉलेज में श्रावणी महोत्सव-2026 के तहत नृत्य प्रतियोगिता, नई प्राचार्या का हुआ स्वागत

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना वीमेंस कॉलेज में सोमवार को श्रावणी महोत्सव-2026 के तहत ओपन एयर स्टेज हॉल में श्रावणी नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय परंपरा, हरियाली और सावन के उल्लास को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज की नई प्राचार्या डॉ. सिस्टर एम. तनीषा ए.सी. एवं उप-प्राचार्या डॉ. सिस्टर सिलीन क्रास्टा ए.सी. के स्वागत से हुई। नई प्राचार्या के रूप में डॉ. सिस्टर तनीषा का यह पहला आधिकारिक महाविद्यालयीन कार्यक्रम था। इस अवसर पर अवीला कॉन्वेंट की सुपीरियर डॉ. सिस्टर जिन्सी ए.सी. तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं परामर्श सेवाओं के डीन आलोक जॉन ने उन्हें शॉल और पौधा भेंट कर सम्मानित किया तथा सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर समारोह को भावपूर्ण बना दिया।

प्रतियोगिता में 12 समूहों ने “हरियाली की छटा, खुशियों की घटा” विषय पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। रंग-बिरंगी वेशभूषा और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. मंजुला सुशीला, राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक अद्वितीय सिन्हा तथा अंग्रेज़ी विभाग की सहायक प्राध्यापिका सुश्री अनीशा सिंह ने किया। प्रतियोगिता में प्राणी विज्ञान विभाग (कोड-5) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इतिहास विभाग को द्वितीय स्थान मिला, जबकि भूगोल विभाग एवं बी.एड. विभाग (कोड-8) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का संचालन छात्र परिषद 2026-27 की संयुक्त महासचिव अलीबा नदीम एवं पर्यावरण एवं अनुशासन सचिव वागिशा वरियार ने किया। अंत में महासचिव सोनल कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। श्रावणी महोत्सव के सफल आयोजन में सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. सिस्टर सेलीन क्रास्टा ए.सी., परफॉर्मिंग आर्ट्स समन्वयक सुश्री एनाक्षी हे बिस्वास तथा वाणिज्य विभाग की सहायक प्राध्यापिका सुश्री पूजा कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम ने संस्कृति, परंपरा और युवा प्रतिभा के सुंदर संगम का संदेश दिया।

Related posts

सबका सम्मान, जीवन आसान’ में शेखपुरा डीएम ने सुनीं 12 जन समस्याएं, समय पर निपटारे का दिया निर्देश

शेखपुरा डीएम शेखर आनंद का सख्त फरमान – 2 सप्ताह में निपटाएं सभी लंबित आवेदन, नहीं तो कार्रवाई

बिहार : 15 अगस्त की तैयारियां शुरू, परेड ग्राउंड में होगा मुख्य समारोह – डीएम शेखपुरा ने दिए निर्देश

error: