फुलवारीशरीफ, अजित। फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने डकैती के मामले में फरार चल रहे गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने यह कार्रवाई गिरोह के सरगना सोनू कुरेशी की निशानदेही पर की. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बैजू के रूप में हुई है, जबकि गिरोह के चार अन्य सदस्य अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर शाम थाना अध्यक्ष गुलाम शाहबाज आलम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात डकैत सोनू कुरेशी किसी वारदात को अंजाम देने के लिए लग्जरी गाड़ी से निकलने वाला है. सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया। टीम में दरोगा निशि कुमार, नीरज कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल कर इलाके में गुप्त निगरानी शुरू की गई. छापेमारी के दौरान पुलिस ने सरगना सोनू कुरेशी को गिरफ्तार कर लिया. देर रात बिहटा थाना पुलिस भी उससे पूछताछ के लिए पहुंची.
पूछताछ के दौरान सोनू ने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम उजागर किए, जिसके आधार पर पुलिस ने बैजू को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, फरार चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
