फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ प्रखंड के सकरैचा गांव में बाढ़ का पानी लगातार बढ़ने से बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं. सकरैचा धनुकी महबानो के अलावा बकपुर और सलारपुर गांवों के भी कई परिवार बाढ़ की चपेट में आए हैं. प्रभावित परिवारों को राहत शिविरों में रखा गया है, जहां सामुदायिक रसोई के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
सकरैचा पंचायत के मुखिया मंटू कुमार यादव स्वयं राहत शिविर में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों को भोजन परोस रहे हैं. उन्होंने बताया कि शिविर में रह रहे लोगों के लिए भोजन की नियमित व्यवस्था की गई है और भोजन की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जा रहा है. बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच जरूरत के अनुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया है।
मुखिया ने कहा कि वह दिन-रात क्षेत्र में घूमकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. बाढ़ का पानी लगातार बढ़ने से कई परिवारों की परेशानी बढ़ी हुई है. ऐसे में प्रभावित लोगों तक समय पर भोजन, दवा और अन्य जरूरी सामान पहुंचाना प्राथमिकता है. दर्जनों बाढ़ पीड़ितों के बीच तिरपाल का वितरण भी किया गया है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य और तेज करने तथा जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। मुखिया ने कहा कि पानी बढ़ने की स्थिति को देखते हुए राहत शिविरों में सुविधाओं को और मजबूत किया जाना जरूरी है।
