पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) सेंट एन्स हाई स्कूल, पटना सिटी में शनिवार को वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने नृत्य, संगीत, नाटक और कविता पाठ जैसी विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘खंबा खाली’ राजस्थानी नृत्य से हुई, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद नेपाली डांस, प्रेरणादायक नाटकों और कविता पाठ ने माहौल को और जीवंत बना दिया। खासकर छात्रों द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘मोबाइल की आदत कैसे छूटे’ को दर्शकों की खूब सराहना मिली, जिसने सामाजिक संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और अतिथियों की उपस्थिति ने छात्रों का उत्साह बढ़ाया। विद्यालय के प्राचार्य एडवाड अल्फोंसो ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा, “इस तरह के कार्यक्रम न केवल छात्रों के छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सामाजिक कौशल के विकास में भी सहायक होते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुरेश खड़ा, पल्ली पुरोहित – पॉन्ड्रिक हवेली चर्च, तथा स्कूल के संस्थापक मिस्टर चार्ल्स ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए जीवन में आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने बच्चों की कला प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में नेतृत्व और रचनात्मक सोच विकसित होती है। इस कार्यक्रम में रीना माथुर, सदिया जरीन, खुशबू मिस (डांस टीचर), एवं नाजिया मिस ने छात्रों को मंच के लिए विशेष रूप से तैयार किया। बच्चों में अनोखी, नायला, आदीविका, सृष्टि सहित कई विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुति देकर दर्शकों को मोहित किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में निसमा जेम्स, संजीव सर, राजेश सर, मदन सर, आशुतोष, रीना मैम, चार्ली डिक्रूज़, अरविंद सर, एवं संजय सर सहित पूरे स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन अभिभावकों और शिक्षकों द्वारा छात्रों को बधाई देने एवं भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक आयोजनों की उम्मीद के साथ हुआ।
