फुलवारीशरीफ, अजित। चिक्सी नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. टूर्नामेंट का उद्घाटन पाटलिपुत्र लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी मो. फारूक रजा उर्फ डब्लू ने फीता काटकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया. उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व मुखिया डॉ. कृष्णा कुमार सहित क्षेत्र के कई सामाजिक एवं खेल प्रेमियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्य अतिथि मो. फारूक रजा उर्फ डब्लू ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, भाईचारा, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है. उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है और उन्हें नशा तथा अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखता है. उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन के बाद पहला मैच रोमांचक माहौल में खेला गया. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. मैच के दौरान चौके-छक्कों और बेहतरीन गेंदबाजी पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति के सदस्य शादाब मलिक, छोटू मलिक, इरफान मलिक एवं शाकिर मलिक ने बताया कि टूर्नामेंट में क्षेत्र की कई मजबूत टीमें हिस्सा ले रही हैं. प्रतियोगिता के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है। समारोह के अंत में अतिथियों एवं खिलाड़ियों ने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
