पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेत्री छाया सिंह एक बार फिर अपनी सक्रियता को लेकर चर्चा में हैं। बैक-टू-बैक फिल्मों की शूटिंग और आगामी प्रोजेक्ट्स के साथ वह इंडस्ट्री में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। छाया सिंह ने अपने करियर में पहले भी कई फिल्मों में बतौर अभिनेत्री काम किया है, लेकिन शादी के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए फिल्मों से दूरी बना ली थी। अब वह एक बार फिर अभिनय की दुनिया में सक्रिय होकर दर्शकों के बीच अपनी पहचान को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
छाया सिंह की आने वाली फिल्मों की सूची में ‘लाडली दुर्गा माई की’, ‘हम हैं सासू जी की रानी’, ‘देवरानी VS जेठानी’ और ‘मुझे मेरी सास से बचाओ’ जैसी फिल्में शामिल हैं। इनमें से ‘मुझे मेरी सास से बचाओ’ के निर्माता महेश उपाध्याय जी हैं। इन फिल्मों के जरिए छाया सिंह अलग-अलग भूमिकाओं में दर्शकों का मनोरंजन करती नजर आएंगी।
वहीं, छठ पूजा के अवसर पर उनकी एक और फिल्म ‘रखिह सेनुरवा के लाज’ रिलीज होने वाली है। भोजपुरी सिनेमा के साथ-साथ छाया सिंह भक्ति संगीत के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उनके कई भक्ति गीत रिलीज हो चुके हैं, जिनके गीतकार अरविंद तिवारी हैं।
खास बात यह है कि छाया सिंह का चार साल का बेटा भी अपनी प्रतिभा से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। बताया जा रहा है कि दशहरा के दौरान उसने मुंबई में रामलीला में हिस्सा लिया था। इस रामलीला के निर्देशक योगेश पगारे हैं, जिनके निर्देशन में बच्चे ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
छाया सिंह के लिए यह दौर फिल्मों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर आगे बढ़ने का है। उनकी कई अन्य फिल्में भी पाइपलाइन में हैं और शूटिंग का सिलसिला लगातार जारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में दर्शकों को उनकी कई नई भूमिकाएं देखने को मिल सकती हैं।
