पटना, न्यूज़ क्राइम 24। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा गुरुवार को समिति के प्रशासनिक भवन में “BSEB क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता-2026” के राज्य स्तरीय फाइनल राउंड का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिला स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली 38 टीमों ने अपने-अपने जिले का प्रतिनिधित्व किया। फाइनल में सिवान जिले के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, कुरूआ (बरहरिया) की स्नेहा कुमारी एवं उत्क्रमित हाई स्कूल, रिसौरा की अन्नु कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। भोजपुर जिले के कृष पाठक एवं अनुपम की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि भागलपुर की रूपाली पोद्दार और आलोक कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जहानाबाद के अमन कुमार एवं आयुष कुमार गुप्ता को सांत्वना पुरस्कार मिला।
समिति ने प्रथम विजेता टीम के प्रत्येक प्रतिभागी को 11 हजार रुपये, कप, मेडल, प्रमाण-पत्र और क्रॉसवर्ड पुस्तक का सेट प्रदान किया। द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को क्रमशः 8 हजार, 6 हजार और 4 हजार रुपये के साथ कप, मेडल, प्रमाण-पत्र एवं पुस्तक सेट दिए गए। इस वर्ष प्रतियोगिता में पूरे बिहार से 14 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। विभिन्न स्तरों पर विजेताओं को कुल 8.40 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। समिति के अनुसार, BSEB क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता का उद्देश्य सरकारी एवं संबद्ध विद्यालयों के कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, तार्किक सोच और भाषाई ज्ञान का विकास करना है।
