बिहार

प्रखंड सहयोग सह जनकल्याण शिविर में भूमि विवाद के मामलों की भरमार, विधायक ने अधिकारियों को लगाई फटकार

अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित सभा भवन में बुधवार को आयोजित प्रखंड सहयोग सह जनकल्याण शिविर में भूमि विवाद एवं राजस्व संबंधी मामलों की सबसे अधिक शिकायतें सामने आईं। बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने जमीन संबंधी समस्याओं के साथ-साथ राजस्व कर्मियों पर लापरवाही एवं अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए नरपतगंज विधायक देवंती यादव ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

शिविर का उद्घाटन विधायक देवंती यादव, प्रखंड प्रमुख मनोज यादव, प्रखंड विकास पदाधिकारी अजीत कुमार, अंचल पदाधिकारी रविंद्र कुमार एवं राजस्व अधिकारी राम उदगार चौपाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर बीडीओ अजीत कुमार ने विधायक को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

उद्घाटन के बाद विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान भूमि विवाद एवं दाखिल-खारिज से जुड़े मामलों की अधिकता सामने आने पर विधायक ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अंचल प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि भूमि संबंधी मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि शिकायतों का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।

योजनाओं की जानकारी देने के लिए लगाए गए दर्जनों स्टॉल:

Advertisements
Ad 1

प्रखंड विकास पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। इनमें आयुष्मान भारत कार्ड, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान एवं छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांगजन कल्याण योजना, निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य शिविर में हुई जांच:

जनकल्याण शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जहां लोगों के ब्लड प्रेशर, शुगर समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। चिकित्सकों की टीम ने लोगों को आवश्यक परामर्श एवं दवाएं भी उपलब्ध कराईं। स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सक डॉ. डोली कुमारी, फार्मासिस्ट मोहम्मद जुनैद अहमद, प्रियंका कुमारी, नूतन कुमारी सहित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

इस अवसर पर विधायक देवंती यादव, प्रखंड प्रमुख मनोज यादव, बीडीओ अजीत कुमार, अंचल पदाधिकारी रविंद्र कुमार, राजस्व अधिकारी राम उदगार चौपाल, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी श्वेता कुमारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी पुनिता कुमारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ममता कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। शिविर में भूमि विवादों की बड़ी संख्या और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासनों और विधायक के निर्देशों का धरातल पर कितना असर दिखाई देता है।

Related posts

बिहार : केंद्र-राज्य के सहयोग से बिहार में विकास को मिलेगी रफ्तार : 1 जुलाई से लागू होगी VB G RAM G योजना

डीएम ने जन-कल्याण शिविर का किया औचक निरीक्षण : आई-कार्ड अनिवार्य, 30 जून तक लंबित काम निपटाने के निर्देश

नशा मुक्त सप्ताह’: अनुमंडल से प्रखंड तक अधिकारियों-कर्मियों ने ली ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ

error: