पटना, सुनील कुमार : बिहार संग्रहालय ने पहली बार समर कैंप-2026 की शुरुआत की है। मंगलवार को महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कैंप का उद्घाटन किया। इस खास कैंप में बच्चे टेराकोटा कला, मुखौटा निर्माण और कहानी लेखन की तीन विद्याओं में प्रशिक्षण ले रहे हैं।

मुख्य बातें:
- प्रशिक्षक: टेराकोटा कला राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त पिंटू प्रसाद, कहानी लेखन रंगकर्मी ध्रुव कुमार और मुखौटा निर्माण स्वर्ण पदक प्राप्त हेमंत कुमार सिखा रहे हैं।
- दो श्रेणी: कक्षा 5-8 तक के बच्चों का समय सुबह 11 से 1:30 बजे और कक्षा 9-12 तक के बच्चों का दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे तक। प्रत्येक श्रेणी में 50 बच्चे।
- पूरी तरह मुफ्त: प्रशिक्षण, सामग्री और नाश्ता-पानी संग्रहालय प्रबंधन की ओर से मुफ्त। 7 जून तक चलेगा कैंप।
- जगह: टेराकोटा और कहानी लेखन का प्रशिक्षण बिहार संग्रहालय में, जबकि मुखौटा निर्माण का प्रशिक्षण पटना संग्रहालय में हो रहा है।
महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने कहा, “संग्रहालय ने हमेशा बच्चों का ख्याल रखा है। यहां चिल्ड्रेन गैलरी में बच्चों को कलाकृतियों को छूने-महसूस करने की आजादी है। भले ही सात दिन में वे दक्ष कलाकार न बनें, लेकिन मिट्टी और शब्दों से उनकी दोस्ती जरूर हो जाएगी।”
अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा ने बताया कि पिंटू प्रसाद के साथ राज्य पुरस्कार प्राप्त रूपेश कुमार और पटना आर्ट कॉलेज के दो छात्र भी सहयोग कर रहे हैं।
उद्घाटन मौके पर पद्मश्री सुधा वर्गीज, प्रभारी अपर निदेशक रणबीर सिंह राजपूत, उप-निदेशक मौमिता घोष, पूर्व प्राचार्य अजय कुमार पाण्डेय सहित कई लोग मौजूद थे।
