दरभंगा, आशीष रंजन : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वाणिज्य विभाग में बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, दरभंगा शाखा के तत्वावधान में मेगा वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के साथ-साथ सीएम कॉलेज, सीएम साइंस कॉलेज, एमआरएम कॉलेज, एमएलएसएम कॉलेज सहित 60 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पक्ष और विपक्ष में हिस्सा लिया।
विजेताओं की सूची
पक्ष में:
- प्रथम – उत्पल झा, संगीत एवं नाट्य विभाग
- द्वितीय- अनीश कुमार, राजनीति विभाग
- तृतीय – जोया परवीन, सीएम कॉलेज
- चतुर्थ – वेद मित्तल, मारवाड़ी समाज
विपक्ष में:
- प्रथम – आदित्य कुमार, अर्थशास्त्र विभाग
- द्वितीय – श्रेया वर्मा, मारवाड़ी समाज
- तृतीय – छवि चौधरी, मारवाड़ी समाज
- चतुर्थ – प्रिया कुमारी, जन्तु विज्ञान विभाग
सभी विजेताओं को रैंक प्रमाण पत्र, मेडल और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
समसामयिक मुद्दों पर हुई चर्चा
प्रतियोगिता के विषय युवा पीढ़ी से जुड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर आधारित थे। प्रमुख विषय:
- कृत्रिम बुद्धिमत्ता: मानवता हेतु वरदान
- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म प्रतिबंधित हो
- परंपरागत क्लासरूम बनाम डिजिटल शिक्षा
- एक राष्ट्र-एक चुनाव: समय की मांग
- मतदान अनिवार्य किया जाना चाहिए
- जलवायु परिवर्तन की जिम्मेदारी सरकार की
- आरक्षण नीति में बदलाव आदि
निर्णायकों ने की सराहना
निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. आर.एन. चौरसिया ने इसे “अद्वितीय और ऐतिहासिक” बताते हुए कहा कि विषयों में युवा, महिला, बच्चे और वृद्धों से जुड़ी समस्याओं को शामिल किया गया। उन्होंने अधिकांश प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की।
डॉ. नीतू कुमारी ने मेधावी और गरीब छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजना चलाने का सुझाव दिया। डॉ. निर्मला कुशवाह ने कहा कि छात्र AI की मदद जरूर लें, लेकिन उसे समझकर अपने विचारों में शामिल करें। पंकज कुमार श्रीवास्तव ने छात्रों को वेशभूषा और बॉडी लैंग्वेज बेहतर करने की सलाह दी। कार्यक्रम में डॉ. प्रियंका राय, डॉ. ललित शर्मा सहित कई शिक्षक उपस्थित थे।
बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष विनोद कुमार सरावगी ने कहा कि छात्र समाज के आदर्श हैं और भविष्य में संस्था द्वारा और बेहतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
