पटना, जया कुमारी : घर खरीदारों के हितों की रक्षा और रियल एस्टेट सेक्टर में कारोबार को आसान बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) की कार्यप्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, सरल और डिजिटल बनाने का निर्देश दिया है।
शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में रेरा की समीक्षा बैठक के दौरान CM ने कहा कि रेरा का मुख्य उद्देश्य Ease of Doing Business को बढ़ावा देने के साथ-साथ घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा करना है।
घर खरीदारों को सर्वोच्च प्राथमिकता :
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि घर खरीदारों के हित और अधिकार सर्वोच्च प्राथमिकता में होने चाहिए। उनकी शिकायतों एवं मामलों का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी और जवाबदेह नियामक व्यवस्था से घर खरीदारों का भरोसा बढ़ेगा और रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश के लिए बेहतर माहौल बनेगा।
प्रमोटर्स के लिए प्रक्रियाएं होंगी सरल :
CM ने निर्देश दिया कि रियल एस्टेट परियोजनाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब समाप्त किया जाए। प्रमोटर्स एवं डेवलपर्स के लिए प्रक्रियाएं सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक हों, ताकि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आए।
रेरा होगा डिजिटल :
मुख्यमंत्री ने रेरा की कार्यप्रणाली को राज्य सरकार के डैशबोर्ड एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने का निर्देश दिया। इससे लंबित मामलों, उनके निष्पादन और अन्य गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सकेगी।
बैठक में रेरा के अध्यक्ष श्री विवेक कुमार सिंह ने बताया कि रेरा की संस्थागत व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाया गया है और यह पूरे देश में सबसे बेहतर है।
बैठक में कौन रहे मौजूद :
बैठक में CM के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार सहित रेरा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
