बिहार

बिहार : बरबीघा में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का सख्त एक्शन, हटाए गए ठेले-गुमटी, वसूला गया जुर्माना

शेखपुरा, पंकज कुमार : जिला प्रशासन ने बुधवार को बरबीघा नगर परिषद क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। डीएम श्री शेखर आनंद के निर्देश पर एसडीओ सुश्री प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में मुख्य सड़क और बाजारों में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वाले फल-सब्जी विक्रेताओं, गुमटियों, ठेलों और खड़े टोटो/ई-रिक्शा को हटाया गया। इसके साथ ही सड़क और नालियों के ऊपर किए गए पक्के निर्माण, लोहे-लकड़ी की सीढ़ियां और टीन शेड को भी ध्वस्त किया गया।

यातायात सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने मौके पर ही जुर्माना वसूला। लोगों को चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई के साथ सामान भी जब्त कर लिया जाएगा।

एसडीओ प्रियंका कुमारी ने कहा कि सड़कें आम जनता के चलने के लिए हैं, न कि व्यापार सजाने के लिए। शहर की सूरत बिगाड़ने और ट्रैफिक जाम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में नगर कार्यपालक पदाधिकारी, बरबीघा थानाध्यक्ष, नगर परिषद के अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।

Related posts

पटना पुलिस ने खोले दो नए पुलिस आउटपोस्ट, नदौल और छाता ओपी का उद्घाटन

धनरुआ थाना का वार्षिक निरीक्षण, पुलिस अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संगठन विस्तार एवं आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा

error: