पटना, अजीत। पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र में 24 जून 2022 की रात हुई राजनंदन रविदास के बेटे मिक्कू रविदास की हत्या मामले में गिरफ्तार कर एक महिला समेत चार लोगों को जेल भेजने का मामला सोमवार को एक बार फिर से तूल पकड़ लिया. सोमवार को दोपहर बाद भीम आर्मी के झंडा बैनर तले करीब डेढ़ से दो सौ लोगों ने गौरीचक थाना का घेराव कर दिया. गौरीचक थाना के सामने पटना गया मुख्य मार्ग को जमकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया.इतना ही नहीं प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और थाने पर पथराव कर दिया जिससे वहां के पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए.
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहा औरंगाबाद का रहने वाला भीम आर्मी का नेता गोल्डन दास थाना अध्यक्ष के कमरे के बाहर थाना परिसर में लगे थाना अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठ गया और प्रदर्शनकारियों का को ललकारने लगा. गौरीचक थाना के प्रभारी थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने भीम आर्मी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थे. लोगों ने थाना पुलिस पर पथराव कर दिया.
पथराव में कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए जिसमें परसा बाजार थाना अध्यक्ष रानी कुमारी भी शामिल है. घायल पुलिस कर्मियों को पास के निजी अस्पताल में इलाज कराया गया है. इसके बाद परसा बाजार रामकृष्ण नगर गोपालपुर पचरुखिया धनरूआ पुनपुन समित आसपास के कई थानों के पुलिस वहां पहुंच गई. पटना से भी भारी संख्या पुलिस फोर्स को बुलाया गया. इसके बाद लाठी चार्ज करके भीम आर्मी के सदस्यों को वहां से खदेड़ा गया .
सिटी एसपी वेस्ट संदीप कुमार सिंह ने बताया कि गौरीचक थाना के सामने मुख्य मार्ग को कुछ लोगों ने जमकर अपनी गैर कानूनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया .इस दौरान लोगों के पथराव में कई पुलिस वाले भी जख्मी हो गए.गौरीचक थाना में इस मामले को लेकर पांच नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
दरअसल, गौरीचक थाना पुलिस ने बाकर चक गांव में 24 जून की रात हुई 17 वर्षीय युवक मिक्कू की हत्या मामले में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया .इसके अलावा दूसरी तरफ से भी मामला दर्ज कराया गया था उस मामले में नामजद विजय राय को जेल भेजा गया है.बाकरचक निवासी विजय राय का पुत्र सुमित कुमार का शादी हुआ था.24 जून की रात उनके घर पर बहूभोज का कार्यक्रम था .
बाकर चक गाँव निवासी राजनंद्न रविदास का बेटा मिक्कू बहुभोज में शामिल होने गया था .जिस परिवार में बहु भोज था मृतक मिक्कू उसके खेतों में ही काम करता था. इसके चलते ही वह बहुभोज में शामिल होने गया था. इसी भोज में शामिल होने को लेकर उसके समाज के लोग नाराज थे. बाकायदा गांव में इसका ऐलान किया गया था कि इस बहू भोज में दूसरे समाज के लोग नहीं शिरकत करेंगे.25 जून की सुबह में मिक्कू की हत्या कर फेंका हुआ शव मकई के खेत में मिला था.
भीम आर्मी के सदस्य गोल्डन दास ने बताया कि गौरीचक थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव इस मामले में पक्षपात कर रहे हैं.एक पक्ष के सिर्फ दलित समाज के लोगों को प्रताड़ित कर रहे हैं और जेल भेजने का काम किया जा रहा जबकि दूसरे पक्ष के लोगों को बचाया जा रहा है. भीम आर्मी के नेताओं ने सरकार और प्रशासन के उच्च पदाधिकारी से इस हत्याकांड में गिरफ्तार विधवा महिला की अभिलंब रिहाई एवं अन्य दोषियों की जांच कर गिरफ्तारी की मांग की है. कई छोटे-छोटे बच्चे हैं उनको देखने वाला कोई नहीं है.
गौरीचक थाना के प्रभारी थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि इस मामले में भीम आर्मी के नेताओं एवं अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज एवं वीडियो फुटेज के आधार पर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि भीम आर्मी का नेता गोल्डन दास अपने सहयोगियों के साथ अंधेरे में फरार होने में कामयाब रहा है जिसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है.
