अररिया(रंजीत ठाकुर): अररिया जिले में फरवरी माह के अंत में संचालित पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिये कर्मियों को प्रखंडवार सम्मानित किया जा रहा है। गौरतलब है कि जिले में पल्स पोलियो अभियान 27 मार्च से शुरू हुआ था। इसके बाद बी टीम के माध्यम से अभियान में छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाने को लेकर विशेष पहल की गयी। राज्य स्वास्थ्य समिति से प्राप्त दिशा निर्देश के आलोक में अभियान में बेहतर कार्य के लिये प्रखंडवार चयनित आशा व एएनएम कार्यकर्ताओं को गुरुवार को पीएचसी स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरीय स्वास्थ्य अधिकारयिों के हाथों सम्मान पाकर स्वास्थ्य कर्मी उत्साहित नजर आये।
बेहतर कार्य के लिये कर्मियों को किया गया सम्मानित :
आयोजित कार्यक्रम के संबंध में सिविल सर्जन डॉ विधानंचद्र सिंह ने बताया कि बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों का हौसला अफजाई जरूरी है। इससे उन्हें बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। साथ ही सहकर्मियों में भी प्रतिस्पर्द्धात्मक माहौल विकसित होता है। एक दूसरे को देखकर कर्मी उत्साहित व प्रेरित होते हैं। उन्होंने कर्मियों को सम्मानित किये जाने के पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों को प्रेरित करने के लिहाज से ये बेहद महत्वपूर्ण है। इससे कर्मी स्वास्थ्य योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने के कार्य में अपना शत प्रतिशत योगदान सुनिश्चित कराने के लिये प्रेरित होंगे।
आशा व एएनएम विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ मो मोईज ने कहा कि आम लोगों तक जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित कराने में आशा व एएनएम की भूमिका महत्वपूर्ण हो चुकी है। कोरोना काल में उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ गयी है। संक्रमण के खतरों के बावजूद उन्होंने मरीजों के देखभाल संबंधी अपनी जिम्मेदारी का सफल निवर्हन करते हुए सेवा व समर्पण का उन्होंने मिशाल पेश किया है। इसलिये जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले इन स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया जाना सराहनीय पहल है। उन्होंने बताया कि सम्मान के लिये पीएचसी स्तर पर कर्मियों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले कोविड टीकाकरण अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को भी प्रखंड व जिला स्तर पर अयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मानित किया गया है। डीआईओ ने कहा कि आगे भी विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर कार्य के लिये कर्मियों को विभिन्न स्तरों पर सम्मानित किये जाने की योजना है।
