बिहार

बहन से बातचीत से नाराज नाबालिग ने नीट अभ्यर्थी पर किया जानलेवा हमला

फुलवारीशरीफ, अजित। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के सोरंगपुर स्थित एडीएम कॉलोनी में रविवार की देर शाम बहन से बातचीत को लेकर नाराज एक नाबालिग ने नीट की तैयारी कर रहे छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने छात्र पर ताबड़तोड़ छह बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

घायल छात्र की पहचान मधुबनी निवासी मनोज कुमार के पुत्र अभिनव कुमार के रूप में हुई है. अभिनव पटना में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा है और सोरंगपुर स्थित एडीएम कॉलोनी में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करता है. घटना के समय वह कॉलोनी में मौजूद था, तभी आरोपी नाबालिग ने उस पर अचानक हमला बोल दिया. इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, आरोपी ने लगातार छह बार चाकू से वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल छात्र खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तत्काल एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है।

Advertisements
Ad 1

सदर-2 के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (डीएसपी) रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को निरुद्ध कर लिया है. पूछताछ में उसने बताया कि अभिनव कुमार उसकी बहन से बातचीत करता था. इसी बात से वह नाराज था और इसी रंजिश में उसने चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हमले की योजना पहले से बनाई गई थी या फिर किसी तत्काल विवाद के बाद घटना को अंजाम दिया गया।

वारदात के बाद कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है. सूचना मिलने पर घायल छात्र के परिजन भी पटना पहुंच गए हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी नाबालिग होने के कारण उसके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है. वहीं घायल छात्र की हालत में सुधार होने के बाद उसका बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

पटना में 1.26 लाख नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य, डीएम ने दिए तेजी से आवेदन लेने के निर्देश

NMCH में यूजी सीटों की बढ़ोतरी पर जश्न, प्राचार्य ने सभी कर्मियों और मीडिया का जताया आभार

जलकुंभी शिल्प विकास परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर उद्योग विभाग एवं NEDFi के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर

error: