पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) दिल्ली के सत्य निकेतन में छात्रों के साथ हुए हादसे और दिल्ली सरकार व दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन से जवाबदेही की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), पटना यूनिवर्सिटी यूनिट द्वारा पटना के भिखना पहाड़ी छात्र क्षेत्र में कैंडल लाइट विजिल आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में छात्रों ने इसमें शामिल होकर हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए छात्रों को श्रद्धांजलि दी।
कैंडल लाइट विजिल का नेतृत्व AISA पटना यूनिवर्सिटी की सचिव सबा आफ़रीन और उपाध्यक्ष आशीष राज ने किया। कार्यक्रम में AISA पटना यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष नितीश, AISA बिहार की राज्य उपाध्यक्ष मनीषा सहित AISA पटना यूनिवर्सिटी के साथी आदर्श, दीपु, विवेक आनंद सुंदर, रणवीर, मोनू, अनुज, रजनीश, सुभद्रा, अमृता समेत बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन सबा आफ़रीन ने किया।
इस अवसर पर AISA पटना यूनिवर्सिटी के साथियों ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में अगर कमजोर इंफ्रास्ट्रक्चर, इमारतों की जर्जर हालत, दरार और सीलन की वजह से हॉस्टल ढह सकता है और छात्रों की जान जा सकती है, तो पटना के भिखना पहाड़ी, मुसल्लहपुर हाट जैसे छात्र इलाकों में भी ऐसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है। छात्रों की जिंदगी को खतरे में डालने वाली जर्जर इमारतों और असुरक्षित हॉस्टलों को लेकर सरकारों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
AISA ने कहा कि एक तरफ सीएम रेखा गुप्ता की भाजपा-आरएसएस सरकार में हॉस्टल इमारतों की जर्जर हालत और पीजी माफियाओं को दिए जा रहे संरक्षण के कारण छात्रों की जान जा रही है, वहीं दूसरी तरफ सरकार मृत छात्रों के आंकड़ों पर लीपापोती करने में लगी हुई है। दिल्ली से लेकर बिहार तक, भाजपा की सरकारें शिक्षा और छात्रों की सुरक्षा के सवाल पर पूरी तरह विफल साबित हुई हैं।
AISA पटना यूनिवर्सिटी के साथियों ने मांग की कि सभी छात्रों को सस्ते, सुरक्षित और मजबूत हॉस्टल उपलब्ध कराए जाएं, घायल छात्रों के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मृत छात्रों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही, छात्रों की सुरक्षा के लिए जर्जर हॉस्टल और छात्रावासों का तत्काल निरीक्षण कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाए लॉज एक्ट लागू किया जाए।
