बिहार

पारिवारिक जमीनी विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से मारकर फोड़ा सिर

फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना जिले के बेउर थाना क्षेत्र के बेतौड़ा गांव में रविवार को पारिवारिक जमीनी विवाद हिंसक हो गया. जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष ने युवक अमलेश कुमार पर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया. हमले में अमलेश का सिर बुरी तरह फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची बेउर थाना पुलिस ने घायल को इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. सीटी स्कैन मशीन पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में खराब था जिसके बाद उसे पटना एम्स या आईजीआईएमएस जाने की बात कह कर चला दिया गया, इसके बाद कई घंटे तक सीटी स्कैन करवाने के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक खून से लथपथ मरीज भटकता रहा।

घायल अमलेश कुमार ने बताया कि दादा-परदादा के समय से पारिवारिक जमीन का बंटवारा नहीं हुआ है. आरोप है कि उनके स्वर्गीय चाचा सुरेश राय ने वर्षों तक फर्जीवाड़ा कर अन्य हिस्सेदारों की जमीन की रसीद और म्यूटेशन कराकर बिक्री की. हाल में उनकी मौत के बाद उनकी पत्नी, बेटे और अन्य परिजन भी दूसरे हिस्सेदारों की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।

Advertisements
Ad 1

अमलेश ने बताया कि जिस जमीन को लेकर विवाद है, उस पर पहले से बेउर थाना पुलिस ने किसी भी पक्ष को काम नहीं करने का निर्देश दिया था और आपसी सहमति अथवा न्यायालय के आदेश के बाद ही जमीन पर कार्य करने की बात कही थी. इसके बावजूद रविवार को उनके चचेरे भाई और अन्य लोग विवादित जमीन पर काम कर रहे थे. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सभी ने मिलकर उन पर हमला कर दिया और हत्या की नीयत से बेरहमी से मारपीट की. किसी तरह जान बचाकर वह वहां से भागने में सफल रहे।

घायल युवक ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी इसी जमीनी विवाद में उन पर गोली चलाकर हत्या का प्रयास किया गया था. उस घटना में लगी गोली आज भी उनके शरीर में मौजूद है. चिकित्सकों ने जोखिम के कारण अब तक गोली नहीं निकाली है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके चचेरे भाई और परिवार के लोग लगातार उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं और इस बार भी जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। बेउर थानाध्यक्ष अफसर हुसैन ने बताया कि घायल अमलेश कुमार को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है. मामले की जांच की जा रही है. आवेदन और जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

एम्स पटना में एनबीईएमएस के राष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रम का उद्घाटन, देशभर के 700 से अधिक चिकित्सक व विशेषज्ञ हुए शामिल

साइबर अपराधियों से बचाव के लिए नुक्कड़ नाटक का मंचन, लोगों को किया गया जागरूक

चाय बनाने के दौरान झोपड़ी में घुसी तेज रफ्तार कार, महिला दुकानदार की मौत

error: