पटन सिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और सामाजिक सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वैष्णो स्वावलंबन संस्था द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम “अनोखा विवाह” का आठवां संस्करण 5 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम पटना सिटी के मंगल तालाब स्थित रामदेव महतो सामुदायिक भवन में संपन्न होगा।
संस्था की सचिव कुमारी वैष्णवी ने जानकारी देते हुए बताया कि “अनोखा विवाह” की शुरुआत वर्ष 2016 में तत्कालीन राज्यपाल एवं पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आशीर्वाद से हुई थी। अब तक इस पहल के तहत 68 दिव्यांग जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कुल 9 दिव्यांग जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे, जिनमें 8 जोड़े हिंदू तथा 1 जोड़ा मुस्लिम रीति-रिवाज से विवाह करेंगे। सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी के लिए आवश्यक सामग्री भी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को बाधामुक्त वातावरण में सम्मानजनक तरीके से खुशियां प्रदान करना है, ताकि समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार है :
04 मई 2026: संध्या 4:30 बजे से 7:00 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मेहंदी रस्म
05 मई 2026:
प्रातः 10:30 से 11:30 बजे तक बैंड-बाजे के साथ बारात निकासी
दोपहर 12:00 से 3:00 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह समारोह
संध्या 6:00 से रात्रि 9:00 बजे तक अतिथियों के आशीर्वचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन सहित कई मंत्री, समाजसेवी एवं बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर वैष्णो स्वावलंबन संस्था के सदस्य ममता सिंहा, दीपक कुमार, आलोक कुमार, आशुतोष कुमार, संचिता रंजन, निशु रंजन एवं लव सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।
