बिहार

शिक्षा और विकास को नई गति देने का संकल्प, नरपतगंज में पीएम मोदी के वर्चुअल कार्यक्रम का भव्य आयोजन

अररिया, रंजीत ठाकुर। बिहार में शिक्षा, आधारभूत संरचना और विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से शनिवार को नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के भंगही पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-12 बालूगढ़ स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर (+2) आवासीय विद्यालय परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से राघोपुर से विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन, शुभारंभ एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से विद्यालय परिसर में विशेष व्यवस्था की गई थी।

बिहार में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के विकास को नई गति देने वाली करीब 34 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं, नरपतगंज क्षेत्र से संबंधित 46 करोड़ 7 लाख 97 हजार रुपये की लागत से 620 बेड विद्यालय भवन एवं विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन तथा शुभारंभ किया गया। इन परियोजनाओं में शिक्षा, आधारभूत संरचना, रोजगार, कृषि और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता दी गई।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण शिक्षा और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य से जुड़ा संदेश रहा। डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विकास के साथ शिक्षा के विस्तार और बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं की आवश्यकता को भी रेखांकित किया गया। विद्यालय परिसर में स्थापित एलईडी स्क्रीन पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, जीविका दीदियों और स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन एवं वर्चुअल कार्यक्रम देखा और सुना।

इसके बाद दोपहर करीब 2:30 बजे अररिया जिला पदाधिकारी विनोद दुहन, नरपतगंज विधायक देववंती यादव, प्रखंड प्रमुख मनोज यादव एवं जोगबनी नगर परिषद अध्यक्ष रानी देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया तथा परियोजनाओं के लोकार्पण में भाग लिया।

इस मौके पर जिला पदाधिकारी विनोद दुहन, फारबिसगंज एसडीओ अभय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अजीत कुमार, अंचलाधिकारी संजीव कुमार, भवन निर्माण विभाग अररिया के सहायक अभियंता सुमित कुमार सिंह, विधायक देववंती यादव, प्रखंड प्रमुख मनोज यादव, जोगबनी नगर परिषद अध्यक्ष रानी देवी, भंगही पंचायत के मुखिया मनोरंजन मंडल, पंचायत समिति सदस्य शंकर मंडल एवं संजीव यादव, फुलकाहा भाजपा मंडल अध्यक्ष घनश्याम यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप मंडल तथा भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष डॉ. नागेश्वर यादव समेत दर्जनों जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी-कर्मी, भाजपा कार्यकर्ता और जीविका दीदियां मौजूद रहीं। हालांकि, शिक्षा को केंद्र में रखकर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के किसी भी अधिकारी की मौजूदगी नहीं होना चर्चा का विषय बना रहा। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बथनाहा थानाध्यक्ष धनजी कुमार पुलिस बल के साथ कार्यक्रम स्थल पर मुस्तैद रहे।

Related posts

नौबतपुर के लाल ने कर्नाटक में लहराया परचम, बास्केटबॉल में चैंपियन बनने के साथ टॉप स्कोरर और मैन ऑफ द सीरीज का खिताब जीता

20 माह बाद भी दीपक हत्याकांड में नहीं मिला न्याय, पीड़ित परिवार को मिल रही केस उठाने की धमकी

श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी