उत्तरप्रदेश

मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस ने सकुशल नीचे उतारा

रामपुर, अवनीत कुमार शर्मा : जिले के थाना केमरी क्षेत्र में पत्नी और बहन से जुड़े मुकदमों में कार्रवाई की मांग को लेकर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए टावर से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी। पुलिस ने कई घंटे तक समझाने के बाद युवक को सकुशल नीचे उतार लिया और हिरासत में लेकर थाने पहुंच गई

पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर 2026 को करीब सुबह 9:25 बजे पीआरवी 6720 को सूचना मिली कि केमरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला पानी की टंकी के पास सोसायटी जियो टावर पर एक व्यक्ति करीब 80 फीट की ऊंचाई पर चढ़ा हुआ है। उसके हाथ में लाउड हेलर था, जिससे वह अपनी पत्नी को बुलाने और वर्ष 2022 में दर्ज दहेज के मुकदमे में न्याय दिलाने की मांग कर रहा था। युवक ने अपनी चोरी हुई ईको गाड़ी वापस दिलाने की मांग भी की और ऐसा न होने पर टावर से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी।

सूचना पर थाना केमरी पुलिस, पुलिस फोर्स और अन्य टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक से फोन पर संपर्क कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा। युवक ने पुलिस को धमकी दी कि पहले उसकी शर्तें पूरी की जाएं, अन्यथा वह आत्महत्या कर पुलिसकर्मियों को फंसा देगा।पुलिस ने पूरे दिन युवक को समझाने और आश्वासन देने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर काफी भीड़ जुट गई, जिससे आसपास भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा रास्ते पर आवागमन भी प्रभावित हुआ

पुलिस के अनुसार, टावर पर चढ़े युवक की पहचान साबिर हुसैन पुत्र जाबिर अली निवासी इमामबाड़ा वार्ड नंबर 02, कस्बा व थाना केमरी, रामपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पिता जाबिर अली को भी मौके पर बुलाया। पिता ने बताया कि युवक नशे का आदी है और वर्ष 2024 में उसने अपनी पत्नी शबाना को जान से मारने की नीयत से गला दबाकर मारपीट की थी। इस मामले में उसके साले अमीर अहमद ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस के मुताबिक, युवक की पत्नी और बच्चे मायके में रह रहे हैं। युवक अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर भी दबाव बना रहा था।काफी समझाने के बाद 27 नवंबर 2026 को सुबह करीब 3:05 बजे पुलिस ने युवक को टावर से नीचे उतार लिया। नीचे उतरने के बाद युवक का पुलिस और वहां मौजूद लोगों से विवाद भी हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

टावर से उतारे जाने के बाद युवक की तलाशी में एक काला पिट्ठू बैग मिला। बैग में फोटो और दस्तावेजों वाली फाइल, आधार कार्ड, नाइट हेलर, मोटरसाइकिल बैटरी, 12 वोल्ट डीसी कनवर्टर, तीन मोबाइल चार्जर, एक लोहे का लोटा, थिनर की बोतल, लाइटर, माचिस, ईयरबड और करीब तीन मीटर निवाड़ की रस्सी बरामद हुई। तलाशी में एक पुराना मोबाइल फोन, काला पर्स, 7,300 रुपये नकद, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी मिला।पुलिस ने युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 221 और 226 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है

Related posts

भीषण सड़क हादसा रोडवेज बस गन्ने से भरे ट्राले से टकराई, चार लोगों की मौत!

दलपतपुर में घर-घर कूड़ा कलेक्शन को लेकर बैठक, शुल्क निर्धारित

HPV संक्रमण एवं सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम से छात्राओं को मिली महत्वपूर्ण जानकारी