गुरुग्राम, सुशीला देवी : आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद, एक आरोपी पर दिल्ली में दर्ज हैं 25 आपराधिक मुकदमे पालम विहार थाना क्षेत्र के नोबेल एनक्लेव में महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार होने वाले दो आरोपियों को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को नोबेल एनक्लेव, पालम विहार में बाइक सवार दो युवक एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। महिला की शिकायत पर 12 नवंबर को पालम विहार थाने में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच करते हुए पुलिस ने विनय उर्फ मोटा निवासी गांव बोहड़ा कलां, गुरुग्राम, हाल निवासी गोपाल नगर, नजफगढ़ (दिल्ली) को 25 नवंबर को बिजवासन रोड, पालम विहार से गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे आरोपी ललित मिश्रा उर्फ विक्की उर्फ राहुल निवासी बिहार, हाल निवासी बापड़ौला विहार, नजफगढ़ (दिल्ली) को 26 नवंबर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विनय के खिलाफ दिल्ली में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
