पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी द्वारा छठ व्रती महिलाओं के सिंदूर और आस्था को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में आज राजधानी पटना में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के महिला प्रकोष्ठ की ओर से विरोध मार्च निकाला गया।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान जी के निर्देश पर आयोजित इस विरोध मार्च में महिला प्रकोष्ठ की कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर कॉमेडियन के बयान के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने इस मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की लोक आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। छठ व्रती महिलाओं की आस्था और सिंदूर जैसी पवित्र परंपरा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
पार्टी की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और मातृशक्ति का सम्मान सर्वोपरि है। महिलाओं की गरिमा, धार्मिक आस्था और भावनाओं के साथ खिलवाड़ किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
