पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) सिख धर्म के सेवा, मानवता और सरबत के भले के संदेश को आगे बढ़ाते हुए बिहार स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में ‘लंगर ऑन व्हील्स’ सेवा की शुरुआत की गई। इस नेक कार्य के लिए सरदार सुमित सिंह कलसी एवं उनके परिवार द्वारा एक विशेष वैन भेंट की गई है, जिसमें संपूर्ण रसोई की व्यवस्था की गई है।
इस वैन के माध्यम से आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर ताजा लंगर तैयार किया जा सकेगा और जरूरतमंदों में वितरित किया जाएगा। इसके साथ ही तख्त साहिब में शेष बचे लंगर को भी जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा सकेगा,
तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी बलदेव सिंह जी द्वारा अरदास कर इस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर सरदार सुमित सिंह कलसी के अलावा तख्त श्री पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही, महासचिव सरदार इंद्रजीत सिंह, उपाध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह, सुपरिंटेंडेंट सरदार दलजीत सिंह तथा कार सेवा वाले बाबा गुरविंदर सिंह भी उपस्थित रहे।
प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही एवं समूची कमेटी ने इस सराहनीय सेवा के लिए कलसी परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कलसी परिवार द्वारा इसी प्रकार की एक अन्य वैन राजगीर के लिए भी भेंट की गई है।
‘लंगर ऑन व्हील्स’ की यह पहल गुरु साहिबान द्वारा स्थापित लंगर परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह सेवा बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे, मानवता और निःस्वार्थ सेवा की भावना को भी मजबूत करेगी।
