बिहार

छठ और सिंदूर पर भद्दा मजाक करने वाले कॉमेडियन यश माहेश्वरी पर FIR

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार की महिलाओं, छठ महापर्व और सिंदूर लगाने की पवित्र परंपरा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करना स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी को भारी पड़ गया है। उनके विवादित वीडियो को लेकर लगातार बढ़ रहे विरोध के बीच अब पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना साइबर थाने में यश माहेश्वरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल साइबर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

24 नवंबर को दर्ज हुई प्राथमिकी

पटना साइबर थाना की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यूट्यूब चैनल @Almostyash के माध्यम से बिहार की महिलाओं के प्रति अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने के मामले में 24 नवंबर 2026 को कांड संख्या 1550/26 दर्ज की गई है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(1), 79, 351 और 352 के अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66(C) और 66(D) के तहत दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, वीडियो में की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका थी। इसी को देखते हुए मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के शो ‘Morally Questionable’ की एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इस वीडियो में उन्होंने बिहार की महिलाओं द्वारा छठ पर्व और अन्य धार्मिक एवं पारंपरिक अवसरों पर माथे से लेकर मांग तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर बेहद आपत्तिजनक और अश्लील मजाक किया था।

आरोप है कि उन्होंने महिलाओं के सिंदूर की तुलना अशोभनीय चीजों से की और बिहार की महिलाओं को लेकर भी अपमानजनक टिप्पणियां कीं। वीडियो सामने आने के बाद बिहार की संस्कृति, महिलाओं के सम्मान और छठ महापर्व की आस्था से खिलवाड़ किए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी देखने को मिली।

विवाद बढ़ा तो मांगी माफी

लगातार बढ़ते विरोध और आलोचनाओं के बीच यश माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि उनका किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था और अपनी गलती के लिए माफी भी मांगी।

हालांकि, माफी मांगने के बावजूद विवाद थमता नजर नहीं आया और अब पटना पुलिस ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल जांच में जुटी पुलिस

पटना साइबर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यश माहेश्वरी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

अब देखना होगा कि बिहार की महिलाओं और छठ महापर्व से जुड़ी परंपराओं पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के इस मामले में पुलिस की जांच के बाद आगे क्या कार्रवाई होती है।

Related posts

राजधानी में दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या!

AI से बदलेगी बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर, स्वास्थ्य मंत्री निशांत का स्मार्ट एम्बुलेंस और डिजिटल बेड मैनेजमेंट पर जोर

फुलवारी में बड़े गांजा तस्करों पर पुलिस मेहरबान, छोटे-मोटे विक्रेताओं को गिरफ्तार कर पीठ थपथपा रही पुलिस