बिहार

फुलवारी में बड़े गांजा तस्करों पर पुलिस मेहरबान, छोटे-मोटे विक्रेताओं को गिरफ्तार कर पीठ थपथपा रही पुलिस

फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना के फुलवारी शरीफ में गांजा कारोबार का एक बड़ा नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय रहने की चर्चा है. चुनौती कुआं, पुरानी पोस्ट ऑफिस गली और एफसीआई मोड़ समेत कई इलाकों में गांजा बिक्री का धंधा वर्षों से संचालित होता रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अवैध कारोबार का पुराना केंद्र चुनौती कुआं और पुरानी पोस्ट ऑफिस गली रहा है. यहां से गांजा कारोबार का संचालन होने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं और अब भी यह धंधा कथित तौर पर जारी है. इसके बावजूद पुलिस की कार्रवाई मुख्य रूप से छोटे स्तर पर गांजा बेचने वाले युवकों की गिरफ्तारी तक सीमित दिखाई दे रही है. बड़े कारोबारियों और पुराने नेटवर्क पर कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

हाल में फुलवारी शरीफ पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार कर 656 ग्राम गांजा और 8880 रुपये नकद बरामद किये हैं. गिरफ्तार आरोपितों में फैजल खान, मोहम्मद शहजाद, पवन समेत एक अन्य व्यक्ति शामिल है. पुलिस मुख्य सप्लायर मोहम्मद बबलू की तलाश कर रही है. इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे विक्रेताओं को पकड़कर पुलिस अपनी उपलब्धि गिना रही है, जबकि गांजा कारोबार के पुराने और बड़े नेटवर्क तक कार्रवाई क्यों नहीं पहुंच रही है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (फुलवारी शरीफ-1) नारायण उपाध्याय ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि ईसापुर पेट्रोल लाइन के पास एक व्यक्ति गांजा बेच रहा है. इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर फैजल खान को गिरफ्तार किया. उससे पूछताछ और उसकी निशानदेही पर चुनौती कुआं के पास छापेमारी की गयी, जहां तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान गांजा और नकदी बरामद हुई।

डीएसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वे मोहम्मद बबलू के लिए गांजा बेचने का काम करते हैं. बबलू ही उन्हें गांजा उपलब्ध कराता था. पुलिस उसे इस नेटवर्क का मुख्य सप्लायर मान रही है. डीएसपी ने बताया कि बबलू के पीछे भी गांजा तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है. वह पहले भी कई बार गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है. फिलहाल उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इधर, चुनौती कुआं, पुरानी पोस्ट ऑफिस गली और एफसीआई मोड़ के आसपास गांजा बिक्री को लेकर स्थानीय लोगों में लगातार चर्चा है. लोगों का आरोप है कि पुराने कारोबारी पहले भी कई बार पकड़े जा चुके हैं और जेल जा चुके हैं, लेकिन बाहर आने के बाद कथित तौर पर दूसरे युवकों को आगे कर फिर से कारोबार संचालित करने लगते हैं. ऐसे में छोटे विक्रेताओं की गिरफ्तारी के बावजूद गांजा कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।

स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब इन इलाकों में गांजा बिक्री की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं, तो पुलिस पुराने और कथित बड़े कारोबारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई क्यों नहीं कर पा रही है. क्या पुलिस की जांच केवल गांजा बेचते पकड़े गये युवकों तक ही सीमित रहेगी या इस कारोबार के पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क और उसके संचालकों तक भी पहुंचेगी. फिलहाल चार गिरफ्तारियों के बाद फुलवारी में गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर लोगों की निगाहें टिकी हैं।

Related posts

राजधानी में दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या!

छठ और सिंदूर पर भद्दा मजाक करने वाले कॉमेडियन यश माहेश्वरी पर FIR

AI से बदलेगी बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर, स्वास्थ्य मंत्री निशांत का स्मार्ट एम्बुलेंस और डिजिटल बेड मैनेजमेंट पर जोर