अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी और फुलकाहा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान बुधवार अहले सुबह सीमा स्तम्भ संख्या-189/3 के समीप मानिकपुर गांव में 17 किलो गांजा बरामद किया गया। हालांकि, सुरक्षा बलों और पुलिस की टीम को देखते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर गांजा मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम विशेष नाका ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान मानिकपुर गांव के समीप एक संदिग्ध तस्कर की गतिविधि पर जवानों और पुलिसकर्मियों की नजर पड़ी। टीम को अपनी ओर आते देख तस्कर गांजा नीचे फेंककर अंधेरे में फरार हो गया। जवानों ने उसकी तलाश की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका। इसके बाद मौके से 17 किलो गांजा बरामद किया गया।
कार्रवाई के बाद एसएसबी ने जब्त गांजे की आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे फुलकाहा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। यह कार्रवाई फुलकाहा बीओपी प्रभारी उपनिरीक्षक अतणु डुलाइ एवं थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य के निर्देशन में एस आई अमन कुमार ने टीम के साथ की गई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि बरामद गांजे के मामले में अज्ञात तस्कर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस तस्कर की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक छानबीन में जुटी है। सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
