पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) सुशासन दिवस के अवसर पर मंगलवार को पटना स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 24 नवंबर 2005 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में शुरू हुई सुशासन की ऐतिहासिक यात्रा और इस दौरान हासिल की गई उपलब्धियों को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और विकास के प्रति प्रतिबद्धता ने बिहार की राजनीति और शासन व्यवस्था को नई दिशा दी। उनके नेतृत्व में राज्य ने भय, अराजकता और अव्यवस्था के दौर से निकलकर कानून का राज, सामाजिक न्याय, सुशासन और विकास के नए आयाम स्थापित किए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, महिला सशक्तीकरण, आधारभूत संरचना और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में हुए कार्यों ने बिहार की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सुशासन की यह यात्रा केवल सरकार की उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें जनविश्वास, सामूहिक संकल्प और लाखों लोगों का योगदान भी शामिल है। इस अवसर पर पार्टी के समर्पित नेताओं, जमीनी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के संघर्ष, समर्पण एवं योगदान को भी याद किया गया। मंत्री ने सुशासन की राजनीति को जन-जन तक पहुंचाने और उसे धरातल पर उतारने में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
