फुलवारीशरीफ, अजीत। रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी में चोरों ने रजनीगंधा और तुलसी के बड़े गोदाम को निशाना बनाते हुए करीब 22 लाख रुपये से अधिक का माल चोरी कर लिया. चोरों ने गोदाम के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे रजनीगंधा व तुलसी के पैकेट बड़ी मात्रा में समेटकर फरार हो गये. चोरी की यह घटना पटना-मसौढ़ी रोड पर जीरोमाइल और बड़ी पहाड़ी के बीच मेट्रो के पिलर नंबर 166 के पास हुई।
गोदाम संचालक राजीव कुमार, पिता राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, गायघाट दक्षिणी गली, गुलजारबाग, पटना सिटी के निवासी हैं. उनका बड़ी पहाड़ी में रजनीगंधा और तुलसी का डिस्ट्रीब्यूशन गोदाम है. राजीव कुमार के अनुसार 22 नवंबर की देर रात करीब 1:45 बजे चोरों ने सुनियोजित तरीके से गोदाम की पिछली दीवार तोड़ दी और अंदर रखे कीमती माल की चोरी कर ली. सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गोदाम में अफरातफरी मच गयी. जांच करने पर दीवार टूटी हुई मिली और बड़ी मात्रा में माल गायब था. चोरी गये सामान की कीमत करीब 22 लाख रुपये से अधिक बतायी जा रही है।
घटना के बाद पीड़ित राजीव कुमार ने रामकृष्णा नगर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वारदात को अंजाम देने वाले चोरों की पहचान की जा सके. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सामान चोरी करने के लिए चोरों ने किस वाहन का इस्तेमाल किया और घटना में कितने लोग शामिल थे।
