बिहार

फलका में 5.33 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस

फलका, सरफराज गुड्डू : कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5.33 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से स्मैक की 27 पुड़िया और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। कार्रवाई रविवार रात गुप्त सूचना के आधार पर फुलडोभी मुस्लिम टोला के समीप की गई।

गिरफ्तार युवक की पहचान फुलडोभी वार्ड संख्या-03 निवासी विकास कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार सुमन के अनुसार, पुलिस गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि एक युवक फुलडोभी मुस्लिम टोला के आसपास घूमकर स्मैक की पुड़िया बेच रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए राजस्व पदाधिकारी नरेंद्रनाथ आनंद की मौजूदगी में श्रीकोल स्कूल जाने वाली सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया गया।

इसी दौरान फुलडोभी की ओर से पैदल आ रहा एक युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास से 27 पुड़िया में रखा मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 5.33 ग्राम बताया गया।

पूछताछ में मुख्य सप्लायर का नाम आया सामने

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार युवक विकास कुमार ने कथित तौर पर बताया कि वह फुलडोभी वार्ड संख्या-07 निवासी मो. मसूद आलम (24 वर्ष) से स्मैक खरीदता था। पुलिस के अनुसार, मसूद आलम बड़े पैमाने पर स्मैक लाकर छोटे कारोबारियों के माध्यम से इसकी खुदरा बिक्री करवाता है।

प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार विकास कुमार और फरार कथित मुख्य सप्लायर मो. मसूद आलम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Related posts

पुलिस अधीक्षक ने किया टेहटा थाना का निरीक्षण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

बिहार विधान परिषद में अनिल कुमार झा और डॉ संजीव कुमार सिंह के सदस्यता ग्रहण करने से राजद को सदन के अंदर मजबूती मिलेगी : एजाज अहमद

पटना एयरपोर्ट पर एविएशन सेफ्टी अवेयरनेस वीक 2026 का शुभारंभ, कर्मचारियों को दिया गया अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण