पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, पटना में सोमवार को एविएशन सेफ्टी अवेयरनेस वीक 2026 की शुरुआत हुई। 23 से 27 नवंबर तक आयोजित इस जागरूकता सप्ताह के दौरान विमानन सुरक्षा, आपातकालीन तैयारियों और सुरक्षित संचालन को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के पहले दिन एयरपोर्ट परिसर में फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) के इस्तेमाल को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आग लगने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने और अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इसके साथ ही एयरपोर्ट टर्मिनल और एटीएस (ATS) कॉम्प्लेक्स में डिजिटल सेफ्टी डिस्प्ले के माध्यम से लोगों को विमानन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके जरिए सतर्कता बरतने, किसी भी संभावित खतरे की समय पर सूचना देने और सुरक्षित विमानन संचालन में सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
वहीं, एयरपोर्ट फायर स्टेशन में भी एविएशन सेफ्टी अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को और बेहतर बनाना है। एयरपोर्ट प्रबंधन की इन पहलों से विमानन सुरक्षा की मजबूत संस्कृति विकसित करने, कर्मचारियों की सतर्कता बढ़ाने और सुरक्षित हवाई संचालन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता प्रदर्शित होती है। जागरूकता सप्ताह के तहत 27 नवंबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
