फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के एम्स गोलंबर के पास सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार अधिवक्ता अखिलेश प्रसाद (55) की मौके पर ही मौत हो गई. वह बाइक से पटना के जगदेव पथ स्थित अपने बेटे के पास जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के दिहुली गांव निवासी अखिलेश प्रसाद के रूप में हुई है. वह दुल्हिनबाजार के नरहीं पिरही पंचायत में न्याय मित्र के पद पर कार्यरत थे. स्थानीय स्तर पर अधिवक्ता के रूप में भी उनकी पहचान थी. सोमवार की सुबह वह अपने काम से पटना की ओर निकले थे और बेटे से मिलने जगदेव पथ जा रहे थे. लेकिन एम्स गोलंबर के पास पहुंचते ही यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।
पत्नी शोभा देवी ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे उन्हें सड़क दुर्घटना में पति की मौत होने की सूचना मिली. हादसे की खबर सुनते ही परिवार के लोग बदहवास हो गए. अखिलेश प्रसाद के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है. अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर फुलवारी शरीफ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. हादसे के बाद दिहुली गांव और मृतक के परिचितों के बीच शोक की लहर है. गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
