बिहार

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा, एनीमिया मुक्त बिहार हमारा संकल्प, जागरूकता और समय पर इलाज से बनेगा स्वस्थ समाज

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) इंडियन आयुष मेडिकल एसोसिएशन की ओर से वाल्मीकिनगर में ‘एनीमिया मुक्त भारत’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में बिहार के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों, वरिष्ठ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों के बीच अपने विचार साझा किए। उन्होंने एनीमिया यानी खून की कमी को एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बताते हुए इसके प्रति जागरूकता, समय पर जांच और उचित उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि एनीमिया का सर्वाधिक प्रभाव महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। यह समस्या न केवल उनके शारीरिक विकास को प्रभावित करती है, बल्कि उनके समग्र स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल असर डालती है। इस चुनौती से समाज को मुक्त करने के लिए जागरूकता बढ़ाने और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।

बिहार के सभी 38 जिलों में चल रहा अभियान

एनीमिया की समस्या से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रदेशभर में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 25 अगस्त से 30 नवंबर तक बिहार के सभी 38 जिलों में ‘एनीमिया मुक्त बिहार अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है, ताकि बच्चों, किशोरियों और अन्य लक्षित समूहों तक जांच एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां पहुंचाई जा सकें। इस अभियान के अंतर्गत अब तक 1.50 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। यह पहल एनीमिया की पहचान, समय पर उपचार और लोगों को इस समस्या के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अभियान की सफलता में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की अहम भूमिका

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि देश और बिहार को एनीमिया के प्रभाव से मुक्त करने की मुहिम में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका समर्पण, संवेदनशीलता और सक्रिय सहभागिता ही इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने का आधार है। उन्होंने जागरूकता, समय पर जांच, उचित उपचार और सामूहिक सहभागिता को एनीमिया के खिलाफ लड़ाई का महत्वपूर्ण आधार बताया। साथ ही, स्वस्थ एवं सशक्त बिहार के निर्माण के संकल्प को दोहराते हुए इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। सम्मेलन में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सहभागिता के बीच एनीमिया जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या से निपटने के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया गया।

Related posts

पटना एयरपोर्ट पर एविएशन सेफ्टी अवेयरनेस वीक 2026 का शुभारंभ, कर्मचारियों को दिया गया अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण

तख्त पटना साहिब कमेटी द्वारा पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित नगर कीर्तन सजाया

एम्स गोलंबर के पास डिवाइडर से टकराई बाइक, अधिवक्ता की मौके पर मौत; बेटे से मिलने जा रहे थे अखिलेश प्रसाद