बिहार

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पटना में बुलडोजर एक्शन, एक दर्जन चिमनी भट्ठे ध्वस्त; 4 दिसंबर तक चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) राजधानी पटना में गंगा किनारे प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार, 23 नवंबर को मालसलामी थाना क्षेत्र में प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर चलाकर करीब एक दर्जन चिमनी भट्ठों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान दर्जनों जेसीबी मशीनों के साथ भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रही।

डीएसपी नगर व्यवस्था, पटना पूर्वी संजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत गंगा किनारे अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 23 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए बड़ी संख्या में मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, गायघाट से दीदारगंज तक गंगा किनारे फोरलेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए सड़क निर्माण के रास्ते में आने वाले अवैध कब्जों और निर्माणों को हटाया जा रहा है। इसी क्रम में गंगा किनारे बने कच्चे-पक्के मकानों, चिमनी भट्ठों और अन्य अवैध निर्माणों पर जेसीबी एवं बुलडोजर चलाया जा रहा है।

डीएसपी संजीत कुमार सिन्हा ने अतिक्रमणकारियों से अपील की है कि जिन लोगों ने अतिक्रमित भूमि पर मकान या अन्य निर्माण कर रखे हैं, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटा लें, ताकि प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की परेशानी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

मालसलामी थाना क्षेत्र में सोमवार को हुई कार्रवाई के बाद गंगा किनारे रहने वाले लोगों और चिमनी भट्ठा संचालकों में हलचल मची हुई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 4 दिसंबर तक अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा और गायघाट से दीदारगंज तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क परियोजना को लेकर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी की जाएगी।

Related posts

पटना एयरपोर्ट पर एविएशन सेफ्टी अवेयरनेस वीक 2026 का शुभारंभ, कर्मचारियों को दिया गया अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण

तख्त पटना साहिब कमेटी द्वारा पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित नगर कीर्तन सजाया

एम्स गोलंबर के पास डिवाइडर से टकराई बाइक, अधिवक्ता की मौके पर मौत; बेटे से मिलने जा रहे थे अखिलेश प्रसाद