बिहार

सन्हौली जाने के दौरान स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, पांच लोग घायल; सड़क निर्माण में लापरवाही पर उठे सवाल:पप्पू यादव

कटिहार, (न्यूज़ क्राइम 24) सन्हौली जाने के दौरान हमारी स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। ईश्वर की कृपा और आप सभी की अनगिनत दुआओं से गाड़ी में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। हालांकि, इस दुर्घटना में पांच लोगों को चोटें आई हैं। किसी के गर्दन, किसी के माथे तो किसी के पीठ में चोट लगी है। सभी घायलों को समुचित इलाज के लिए भेजा गया है।

बेलोरी से सन्हौली सालमारी मुख्य सड़क बाढ़ के समय से ही क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक सड़क का समुचित निर्माण एवं मरम्मत नहीं कराया गया है। सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार कंपनी की कथित घोर लापरवाही और PWD के जिम्मेदार अभियंताओं की उदासीनता के कारण आज यह हादसा हुआ।

दुर्घटनास्थल पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था, न ही समुचित डायवर्जन की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिहाज से दूर तक कोई संकेतक, बैरिकेडिंग अथवा अवरोधक भी नहीं लगाए गए थे। सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी यात्रियों की जान को खतरे में डाल रही है।

इस हादसे के लिए सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार, संबंधित एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और एसडीओ की जवाबदेही तय होनी चाहिए। आखिर निर्माणाधीन सड़क पर आम लोगों और वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना किसकी जिम्मेदारी है?

बारिश और मिट्टी के गीले होने की स्थिति ने शायद दुर्घटना की भयावहता को कम कर दिया, अन्यथा हादसा और भी गंभीर हो सकता था। मौत को इतने करीब से देखकर मन भावुक है। ईश्वर का शुक्र है कि एक बड़ी अनहोनी टल गई और सभी लोग सुरक्षित हैं।

लेकिन यह हादसा सड़क निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जब सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा हो, तो यात्रियों को खतरे से आगाह करना, चेतावनी बोर्ड लगाना और सुरक्षित डायवर्जन की व्यवस्था करना अनिवार्य है।

न खतरे का बोर्ड, न चेतावनी, न सुरक्षा इंतजाम! आखिर कब तक सड़क निर्माण में लापरवाही लोगों की जान जोखिम में डालती रहेगी?

इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के विरुद्ध जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related posts

सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ पुलिस की नहीं, आम नागरिकों की भी है

रोहतास के प्रसिद्ध भलुनी भवानी धाम में बड़ी चोरी

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का किया उद्घाटन, कहा 1,000 करोड़ रुपये से होगा बाबा हरिहरनाथ मंदिर का पुनर्विकास