बिहार

नौबतपुर के लाल ने कर्नाटक में लहराया परचम, बास्केटबॉल में चैंपियन बनने के साथ टॉप स्कोरर और मैन ऑफ द सीरीज का खिताब जीता

फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना जिले के नौबतपुर प्रखंड के श्रीवर गोपालपुर गांव के रहने वाले अक्छित रंजन ने कर्नाटक में आयोजित पांचवें स्टेट मिनी ओलंपिक खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन किया है. बास्केटबॉल प्रतियोगिता में अक्छित ने अपनी प्रतिभा और दमदार खेल के दम पर न सिर्फ अपनी टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक अंक हासिल कर टॉप स्कोरर का खिताब भी अपने नाम किया. उन्हें मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से भी नवाजा गया।

कर्नाटक के श्री कांतीरवा स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में अक्छित ने शुरुआती मुकाबलों से ही अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के पहले दिन उन्होंने 27 अंक, दूसरे दिन 14 अंक और तीसरे दिन 22 अंक हासिल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया. फाइनल मुकाबले में भी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए खिताबी जीत दर्ज की. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अक्छित को कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री के हाथों विजेता ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया गया।

अक्छित के मामा अरविंद कुमार ने कहा कि उनके भांजे ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह दूसरे बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है. यह सिर्फ परिवार या नौबतपुर के लिए ही नहीं, बल्कि पटना और पूरे बिहार के लोगों के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि अक्छित की सफलता से अन्य बच्चों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी। अक्छित के पिता रवि रंजन बेंगलुरु में आईटी क्षेत्र की कंपनी शेल में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता रश्मिप्रिया हैं. अक्छित की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव श्रीवर गोपालपुर सहित पूरे नौबतपुर क्षेत्र में खुशी का माहौल है. परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने उसे बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related posts

शिक्षा और विकास को नई गति देने का संकल्प, नरपतगंज में पीएम मोदी के वर्चुअल कार्यक्रम का भव्य आयोजन

20 माह बाद भी दीपक हत्याकांड में नहीं मिला न्याय, पीड़ित परिवार को मिल रही केस उठाने की धमकी

श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी