बिहार

छठी मइया की प्रतिमा भ्रमण के दौरान शुरू हुआ विवाद, दूसरे दिन हिंसक संघर्ष में बदला

फुलवारीशरीफ, अजीत। गौरीचक थाना क्षेत्र के लंका कछुआरा गांव में छठी मइया की प्रतिमा भ्रमण के दौरान शुरू हुआ विवाद दूसरे दिन हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया. मंगलवार की शाम संतोषी माता मंदिर के समीप डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए. हालांकि, ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया और छठी मइया की प्रतिमा का विसर्जन संपन्न कराया गया।

लेकिन बुधवार की सुबह दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे. अचानक हुए हिंसक संघर्ष से गांव में अफरातफरी मच गयी. इस दौरान दोनों पक्षों के राजू तिवारी (30), ऋषभ (28), अखिलेश (59), ऋषभ (30), सौरभ (31), अंकुश (16), आदित्य (20), गुड्डू (35) और सोनू (32) समेत दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए. सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. लगातार दो दिनों तक हुई मारपीट के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही गौरीचक थानाध्यक्ष सुमन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बड़ी संख्या में गांव पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. लंका कछुआरा निवासी सोनू कुमार ने बताया कि मारपीट के दौरान कार और बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. घायलों का इलाज कराने के बाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी। गौरीचक थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी थी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है. आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

ब्लैकमेलिंग और कथित अवैध वसूली के आरोप में पत्रकार जेल भेजे गए

स्टार्टअप बिहार- मार्केट एक्सेस 2026 के तहत मासिक कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को उद्यमिता के गुर सिखाए

डेढ़ साल के डॉगी को ले जाते युवक-युवती सीसीटीवी में कैद